1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गोवा में अगले दो दिन में मॉनसून आगमन के आसार

गोवा में अगले दो दिन में मॉनसून आगमन के आसार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 13, 2016 11:15 pm IST,  Updated : Jun 13, 2016 11:15 pm IST

देश में एक तरफ लू के प्रकोप से राहत रही तो कुछ हिस्सों में मॉनसून पूर्व मूसलाधार बारिश हुई, वहीं तटीय राज्य गोवा भी आने वाले दो दिन में मॉनसून की पहली फुहारों से सराबोर होने को तैयार है।

Monsoon- India TV Hindi
Monsoon

दिल्ली: देश में एक तरफ लू के प्रकोप से राहत रही तो कुछ हिस्सों में मॉनसून पूर्व मूसलाधार बारिश हुई, वहीं तटीय राज्य गोवा भी आने वाले दो दिन में मॉनसून की पहली फुहारों से सराबोर होने को तैयार है। आईएमडी (भारतीय मौसम विभाग) की क्षेत्रीय निदेशक वी के मिनी ने बताया, राज्य में मॉनसून कदम रखने वाला है। अगले दो दिन में गोवा में बारिश का अनुमान है।

आईएमडी के एक बुलेटिन के अनुसार, समूचे देश में लू चलने की कोई सूचना नहीं मिली। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री रहने से दिन भर उमस बनी रही। मौसम विभाग ने कल आंशिक रूप से बादल घिरे रहने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। गोवा में इस मौसम में अब तक 301 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पणजी शहर में बस स्टैंड के आस पास के क्षेत्र सहित कई इलाकों में पानी भरने से भारी यातायात जाम बना रहा।

पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों और पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्रों एवं सिक्किम में अगले दो दिनों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगमन के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। पंजाब एवं हरियाणा में गर्मी बरकरार है, जहां लुधियाना में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े, लेकिन अधिकतर हिस्सों में गर्मी रही।

इलाहाबाद और बांदा में तापमान सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में कई स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से उपर दर्ज किया गया। सुदूर इलाकों में कहीं हल्की और कहीं तेज बारिश होने से अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस (कोटा) दर्ज किया गया। वहीं, ओडिशा में छह जगहों पर तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा और तटीय क्षेत्रों में आर्द्रता रही एवं पश्चिमी क्षेत्र में लोग गर्मी से बेहाल रहे।

बिहार में गर्मी एवं आर्द्रता की स्थिति रही और गया सबसे गर्म रहा। वहां तापमान सबसे अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कल पटना में हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत