1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचा मॉनसून, दिल्ली को अब भी इंतजार

बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचा मॉनसून, दिल्ली को अब भी इंतजार

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 18, 2016 07:41 am IST,  Updated : Jun 18, 2016 07:41 am IST

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचने के साथ ही तीनों राज्यों में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई, जबकि राजधानी दिल्ली को अब भी गर्मी से राहत का इंतजार है।

monsoon
- India TV Hindi
monsoon

नई दिल्‍ली: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा पहुंचने के साथ ही तीनों राज्यों में शुक्रवार को अच्छी बारिश हुई, जबकि राजधानी दिल्ली को अब भी गर्मी से राहत का इंतजार है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटवर्ती कर्नाटक और केरल में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है।

हालांकि राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने तथा उमस भरे मौसम के कारण दिल्ली के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता 45 से 86 प्रतिशत के बीच मापी गयी।

अन्य तीनों मेट्रोपॉलिटन कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में अधिकतम तापमान क्रमश: 32.8, 37.1 और 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केरल और लक्ष्यद्वीप में कई घंटों तक भारी वर्षा हुई है जिसके कारण कई पेड़ उखड़ गए हैं और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गयी हैं।

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसूनपूर्व छि‍टपुट बारिश का सिलसिला जारी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में मॉनसूनपूर्व बारिश हुई। इस दौरान गाजीपुर, मुहम्मदाबाद, जमानिया और जलेसर में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी। इसके अलावा घोसी में चार, तरबगंज, सुलतानपुर, सफीपुर, जसराना और हाथरस में दो-दो सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी।

Also read: फिल्म रिव्यू: पंजाब में ड्रग्स की हकीकत को बयां करती है 'उड़ता पंजाब'

इस बारिश से फैजाबाद मण्डल में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा गोरखपुर, वाराणसी तथा इलाहाबाद मण्डलों में भी तापमान में खासी कमी रिकॉर्ड की गयी। फैजाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, आगरा, वाराणसी तथा झांसी मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।

पिछले 24 घंटे के दौरान झांसी 41.7 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। अगले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत