नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 17वें करगिल विजय दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश जवानों के उस अदम्य साहस को कभी नहीं भूलेगा, जिससे उन्होंने घुसपैठियों को करार जवाब दिया था। उन्होंने कई ट्वीट कर कहा कि तत्कालीन राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार की दृढ़ता को भी सराहा, जिसकी वजह से करगिल में अविस्मरणीय जीत दर्ज की जा सकी।
उन्होंने एक और ट्वीट में कहा, "मैं करगिल विजय दिवस पर प्रत्येक सैनिक को नमन करता हूं, जिन्होंने अंतिम सांस तक भारत के लिए जंग लड़ी। उनका बलिदान हमें प्रेरित करता है।" गौरतलब है कि 26 जुलाई, 1999 को भारत ने पाकिस्तानी घुसपैठियों से उच्च सीमा चौकियों को मुक्त करा लिया था।
उत्तरी कमान के प्रमुख ने अर्पित की श्रद्धांजलि
उत्तरी सैन्य कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डी. एस. हुड्डा ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान शहीद हुए जवानों को आज जम्मू कश्मीर के द्रास सेक्टर स्थित युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा ने आज 17वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर द्रास के ऐतिहासिक युद्ध स्मारक पर ऑपरेशन विजय के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रवक्ता ने बताया कि हुड्डा के साथ लद्दाख स्थित फायर एंड फ्यरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एस के पत्याल भी थे। उन्होंने साथ ही बताया कि अधिकारी ने शहीद सैनिकों की पत्नियों, अवार्ड प्राप्त करने वालों और रिश्तेदारों से बातचीत भी की।