सिवान: राजद के विवादास्पद बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की रिहाई को लेकर आलोचनाओं से घिरी बिहार की नीतीश कुमार सरकार उनकी जमानत रद्द कराने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाने पर विचार कर रही है। वहीं विपक्षी राजग ने पत्रकार राजदेव रंजन हत्या मामले में उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
जदयू के प्रवक्ता अजय आलोक ने कहा, पिछले 11 वर्षों में यह स्थापित प्रक्रिया रही है कि अगर कोई राज्य किसी की जमानत से संतुष्ट नहीं है तो वह उपरी अदालतों में अपील कर सकता है। उन्होंने कहा, पहले भी ऐसा हुआ है और शहाबुद्दीन के वर्तमान मामले में भी इसका पालन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में संबंधित जिला प्रशासन प्रस्ताव तैयार करता है कि अगर जमानत की किसी शर्त का उल्लंघन हुआ है तो जमानत रद्द कराने की अपील होती है। जमानत रद्द कराने की अपील में विलंब पर भाजपा ने जहां सवाल खड़े किए हैं वहीं जदयू के प्रवक्ता ने कहा कि अदालतें त्योहार के लिए बंद हैं और इसलिए विलंब के बारे में बात करना गलत है।
इस बीच सिवान के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार शाह ने कहा कि जिला पुलिस पता लगा रही है कि क्या शहाबुद्दीन के मामले में जमानत की किसी शर्त का उल्लंघन हुआ है। शहाबुद्दीन राजद के पूर्व सांसद हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा, अगर किसी साक्ष्य का पता चलता है जिसमें जमानत की शर्तों का उल्लंघन हुआ है तो मामले में हम जमानत रद्द कराने की पहल करेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कल कहा था कि पुलिस ने भगोड़े संदिग्ध मोहम्मद कैफ और मोहम्मद जावेद के फोटोग्राफ का संज्ञान लिया है जो पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद पिछले शनिवार को भागलपुर जेल से रिहा मोहम्मद शहाबुद्दीन के साथ दिखाई दिए थे। पत्रकार राजदेव रंजन हत्या मामले में दोनों संदिग्ध हैं। इस सिलसिले में शहाबुद्दीन को नोटिस भेजा जाएगा और इस पर पुलिस भी उनसे पूछताछ करेगी।
मीडिया की खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने हाल में महाधिवक्ता रामबालक महतो और अतिरिक्त महाधिवक्ता ललित किशोर के साथ शहाबुद्दीन मामले पर बैठक की। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने पटना में राज्य सरकार के खिलाफ आयोजित महाधरना के इतर संवाददाता सम्मेलन में शहाबुद्दीन की गिरफ्तारी की मांग की। राजद के पूर्व सांसद के खिलाफ सभी मामलों की सुनवाई में कथित तौर पर लचर रवैया अपनाने के लिए राजग ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा, एक नया साक्ष्य सामने आया है जिसमें राजदेव रंजन हत्या मामले में सिवान पुलिस के लिए वांछित शार्प शूटर मोहम्मद कैफ एक वीडियो फुटेज में भागलपुर जेल से रिहा होने के बाद शहाबुद्दीन के साथ खड़ा दिखाई पड़ रहा है। भाजपा नेता ने कहा, साक्ष्य से नि:संदेह साबित होता है कि राजदेव रंजन हत्या मामले में फरार कैफ का शहाबुद्दीन से नजदीकी जुड़ाव है।
उन्होंने कहा कि इस साक्ष्य को देखते हुए राज्य सरकार को पत्रकार हत्या मामले में शहाबुद्दीन की अविलंब गिरफ्तारी करानी चाहिए और सरकार सिवान पुलिस को निर्देश दे कि पत्रकार हत्या मामले में राजद नेता से पूछताछ की जाए क्योंकि मामले में उनकी भूमिका साबित करने के लिए सरकार के पास पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने कहा कि केस डायरी में शहाबुद्दीन का नाम कई बार सामने आ चुका है।