श्रीनगर: पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि छह ताजा मौतों के साथ सरकार जम्मू एवं कश्मीर में 'इतना अच्छा काम' कर रही है, इसलिए यही समय है जब भारत को बलूचिस्तान का मसला सुलझाना चाहिए। जम्मू एवं कश्मीर में बीते 24 घंटे में हुई घटनाओं में छह और लोगों की मौत हो गई है। उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर कहा, "कश्मीर में 24 घंटे (सोमवार के बाद से) में छह प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं, लेकिन चलिए हम बलूचिस्तान का मसला हल करें क्योंकि इस समय हम जम्मू एवं कश्मीर में इतना अच्छा काम कर रहे हैं।"
अब्दुल्ला ने अपने निर्वाचन क्षेत्र मध्य कश्मीर के बीरवाह में मंगलवार सुबह चार प्रदर्शकारियों के मारे जाने के बाद ट्वीट कर यह बात कही। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में एक और नागरिक की गोली लगने से मौत हुई है। श्रीनगर में सोमवार शाम को पुलिस और अर्धसैनिक बलों की झड़प में दसवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। आठ जुलाई को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर बुरहान वानी के मारे जाने के बाद से कश्मीर में हिंसा और तनाव व्याप्त है, जिसमें अब तक 65 लोग मारे जा चुके हैं।