1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LOC पर 200 से ज्यादा आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में

LOC पर 200 से ज्यादा आतंकवादी घुसपैठ की फिराक में

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 04, 2016 09:40 pm IST,  Updated : Jul 04, 2016 09:41 pm IST

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज कहा कि नियंत्रण रेखा (LOC) पर 200 से अधिक भारी हथियारबंद आतंकवादी जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं लेकिन सैनिक उनके नापाक सोच को नाकाम करने के लिए पूरी तरह चाक-चौबंद हैं।

loc- India TV Hindi
loc

झांगड़: सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज कहा कि नियंत्रण रेखा (LOC) पर 200 से अधिक भारी हथियारबंद आतंकवादी जम्मू कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं लेकिन सैनिक उनके नापाक सोच को नाकाम करने के लिए पूरी तरह चाक-चौबंद हैं। 16 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल आर आर निंभोरकर ने यहां कहा, घुसपैठियों का सही-सही ब्योरा निश्चितता के साथ नहीं दिया जा सकता लेकिन उनकी गतिविधियों के हमारे अनुभव से और कई सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी से हम इस आंकड़े को 200 से अधिक मान सकते हैं।

उन्होंने कहा कि घुसपैठ के कई अड्डों पर आतंकवादियों का जमा होना कोई नयी बात नहीं है और वे भारत की ओर घुसपैठ की कोशिश करते रहते हैं। अधिकारी ने कहा, आतंकवादी इन अड्डों पर आते हैं, घुसपैठ की कोशिश करते हैं और मारे जाते हैं। कुछ सीमापार करने में सफल हो जाते हैं लेकिन सुरक्षा घेरे के दूसरे और तीसरे चरण में मारे जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सेना पूरी तरह तैयार है और आतंकवादियों की नापाक सोच को नाकाम करने के लिए सुरक्षा बंदोबस्त चाक-चौबंद हैं। जीओसी ने कहा, अनुभव के आधार पर हमारा सुरक्षा घेरा मजबूत है और गतिविधि को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 16 कोर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पीर पंजाल के दक्षिणी क्षेत्र के हालात के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा है।

उन्होंने कहा, पीर पंजाल के दक्षिण में अभियान का हमारा क्षेत्र पिछले कुछ सालों से सुरक्षा बलों के अति तीव्र अभियानों की वजह से अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा है जिससे हालात उचित तरह से काबू में लाये गये हैं और फिलहाल कोई बदलाव नहीं है और हम यहां उचित शांति और अमन देख रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत