1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुंछ: पाक ने फिर तोड़ा सीजफायर, सेना के 2 जवान शहीद, 3 जख्मी

पुंछ: पाक ने फिर तोड़ा सीजफायर, सेना के 2 जवान शहीद, 3 जख्मी

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 06, 2016 04:35 pm IST,  Updated : Nov 06, 2016 05:46 pm IST

जम्मू: पुंछ जिले में कृष्णा घाटी और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास दो बार घुसपैठ का प्रयास कराने के तहत पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की जिसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए

ceasefire- India TV Hindi
ceasefire

जम्मू: पुंछ जिले में कृष्णा घाटी और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास दो बार घुसपैठ का प्रयास कराने के तहत पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की जिसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए और तीन अन्य जख्मी हो गए। जख्मी होने वाले में दो सैनिक और एक महिला है। भारतीय सेना ने कहा कि घुसपैठ के प्रयास विफल कर दिए गए और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार कई पाकिस्तानी चौकियों को भारी क्षति पहुंची है।

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, घुसपैठ का प्रयास विफल करने के तहत कृष्णा घाटी सेक्टर में दिन की शुरूआत में सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर में सीमा पार से हुई गोलीबारी में एक अन्य सैनिक शहीद हो गया और दो अन्य जख्मी हो गए।

अधिकारी ने बताया कि पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम उल्लंघन कर घुसपैठ के दो प्रयास किए जिसे विफल कर दिया गया। कृष्णा घाटी सेक्टर में शहीद हुए जवान की पहचान 22 सिख रेजिमेंट के सिपाही गुरसेवक सिंह (23) के रूप में हुई है। सिंह पंजाब के तरन तारन इलाके के निवासी हैं।

अधिकारी ने बताया कि जख्मी महिला की पहचान पुंछ निवासी सलीमा अख्तर (28) के रूप में हुई है। अख्तर को पुंछ के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने कहा, पुंछ सेक्टर में शहीद और जख्मी हुए सैनिक की पहचान उनके परिजन को सूचित करने के बाद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुंछ सेक्टर में संघर्षविराम उल्लंघन जारी है। प्रवक्ता ने कहा, हमारे जवान करारा जवाब दे रहे हैं और पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, सेना ने पांच और छह नवम्बर की दरम्यानी रात को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ के दो प्रयास विफल कर दिए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत