नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने तेज बुखार से पीड़ित कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। नड्डा ने सोमवार को ट्विटर पर लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री से पता चला कि श्री राहुल गांधी की तबीयत ठीक नहीं है। प्रधानमंत्री उनके स्वास्थ्य को लेकर काफी फिक्रमंद हैं।''
आगे उन्होंने लिखा, 'मैंने पीएम की चिंता को देखते हुए उनकी सेहत के बारे में पता किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।' कांग्रेस ने पिछले सप्ताह यह कहते हुए राहुल की पुदुच्चेरी, तमिलनाडु और केरल की चुनाव रैलियां रद्द करने की घोषणा की कि उन्हें बुखार है।
राहुल गांधी ने सोमवार की रात को ट्विटर पर बताया, ‘‘दुर्भाग्य से मैं रविवार की रात से ही काफी बुखार से पीड़ित हूं और चिकित्सक ने अगले दो दिनों तक आराम की सलाह दी है।’’ इसके साथ ही राहुल गांधी ने अपने दौरे के बारे में लिखा कि , ‘‘मैं पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल के लोगों से माफी मांगता हूं कि योजना के मुताबिक 10 और 11 मई को आपके साथ होने का अवसर नहीं मिला।’’