1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चमोली तबाही के मद्देनजर राकेश टिकैत ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा- प्रशासन का साथ देंगे

चमोली तबाही के मद्देनजर राकेश टिकैत ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा- प्रशासन का साथ देंगे

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 07, 2021 04:25 pm IST,  Updated : Feb 07, 2021 04:27 pm IST

भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हुई तबाही के मद्देनजर प्रशासन के साथ मिलकर मदद करने की बात कही है।

चमोली तबाही के मद्देनजर राकेश टिकैत ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा- प्रशासन का साथ देंगे- India TV Hindi
चमोली तबाही के मद्देनजर राकेश टिकैत ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा- प्रशासन का साथ देंगे

गाजियाबाद: दिल्ली-उत्तर प्रदेश के गाजीपुर बॉर्डर पर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों को विरोध कर रहे भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हुई तबाही के मद्देनजर प्रशासन के साथ मिलकर मदद करने की बात कही है।

प्रशासन के साथ मिलकर करेंगे मदद: राकेश टिकैत

हरियाणा के चरखी दादरी में राकेश टिकैत ने कहा, "उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटा है, रिपोर्ट के मुताबिक वहां 50-60 लोग मारे जा चुके हैं। पानी बहुत तबाही मचाते हुए आ रहा है, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में सब जगह अलर्ट कर दिया गया है। हम प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव मदद करेंगे।"

उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में अलर्ट

उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने से हुई तबाही के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और चंदौली जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

इमरजेंसी के लिए नंबर जारी

सीएम योगी का बयान

उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से उत्पन्न हुई परिस्थितियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, सीएम योगी ने कहा कि हर पहलू पर पूरी मुस्तैदी और नज़र रखी जाए। उन्होंने राज्य आपदा मोचन बल को भी मुस्तैद किए जाने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखंड की मदद करेगा उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के किनारे पड़ने वाले सभी जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कहा कि ग्लेशियर टूटने से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर उत्तराखंड को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "देवभूमि उत्तराखंड में उत्पन्न हुई इस प्राकृतिक आपदा से निपटने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।"

सीएम योगी का ट्वीट

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "उत्तराखंड में बांध टूटने से उत्पन्न हुई परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रदेश के सभी संबंधित विभागों व अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने तथा SDRF को राहत कार्यों हेतु तत्पर रहने को कहा है। गंगा नदी के किनारे स्थित सभी जिलों के DM/SSP/SP को भी पूर्णतः सतर्क रहने हेतु निर्देशित किया है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत