नयी दिल्ली: दिल्ली बिजली नियामक आयोग (DERC) के अध्यक्ष कृष्णा सैनी को हटाए जाने को लेकर उपराज्यपाल और दिल्ली की आप सरकार के बीच एक और विवाद छिड़ गया है। मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने उपराज्यपाल के आदेश को रद्द करते हुए आरोप लगाया है कि यह राष्ट्रीय राजधानी में बिजली दरें बढ़ाने की साजिश का हिस्सा है।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
केजरीवाल ने बिजली सचिव सुकेश जैन पद से हटाने के लिए भी उपराज्यपाल नजीब जंग पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जैन को इसलिए हटाया गया क्योंकि उन्होंने उपराज्यपाल कार्यालय के कहने के अनुसार सैनी की नियुक्ति अधिसूचना को रद्द नहीं किया। जंग ने सैनी को हटाने का निर्देश दिया था और कल इस बारे में आदेश जारी किये गये थे।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सैनी को तुरंत प्रभाव से हटाने के एलजी कार्यालय से दिये गये कथित आदेश को शुरू में सुकेश जैन के द्वारा मानने से इंकार किये जाने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गयी। केजरीवाल ने पूछा, यह दुखद है कि वह (जंग) लोगों का वेतन काट रहे हैं, मोहल्ला क्लीनिक रोक रहे हैं, स्कूल बंद कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में शासन को एक मजाक बना दिया है। क्या वह दिल्ली को बंद करवाना चाहते हैं।