केरल: मुत्तिल में एक अनाथालय की सात नाबालिग लड़कियों से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस संदर्भ में 11 मामले दर्ज किए गए है। अनाथालय प्रशासन की शिकायत के बाद बाल यौन अपराध संरक्षण कानून (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीडि़तों के बयान दर्ज किए गए हैं। ये सभी 15 साल से कम उम्र की हैं और उनका चिकित्सीय परीक्षण भी हो गया है।
पुलिस ने बताया कि समूह ने यौन उत्पीड़न से पहले लड़कियों को पोर्न फिल्में देखने पर मजबूर किया। उन्होंने बताया कि इस अपराध में शामिल तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है। इन लड़कियों को दो महीने तक यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
मामला उस समय प्रकाश में आया जब एक लड़की को पास स्थित दुकान से निकलते हुए देखकर अनाथालय में काम करनेवाले एक कर्मचारी ने पूछताछ की। इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया गया था।
यह घटना पड़ोसी जिले के कन्नूर में एक पादरी द्वारा 16 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने की घटना जैसी ही है। इस लड़की ने सात फरवरी को एक बच्चे को जन्म दिया था। जिसके बाद पादरी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले के सात अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। इन आरोपियों में पांच नन हैं और एक डॉक्टर है।