नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के गुजरात के दौरे पर हैं। मंगलवार से शुरू हो रहे वाइब्रेंट गुजरात में हिस्सा लेने के लिए पीएम मोदी सोमवार को गुजरात पहुंचे। कार्यक्रम में शिरकत करने के पहले पीएम मोदी आज सुबह अपनी मां से मिलने पहुंचे जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि योग छोड़कर मां से मिलने गया। सुबह होने से पहले उनके साथ नाश्ता किया। मां के साथ अच्छा समय बिताने का एक बार फिर मौका मिला।
उनकी मां हीरा बेन गांधीनगर में अपने सबसे छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ रहती हैं। इससे पहले भी कई बार मोदी अपनी मां से मिलने वहां जाते रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मार्च में पीएम मोदी की मां हीरा बेन पहली बार अपने बेटे से मिलने उनके सरकारी आवास 7 आरसीआर आई थीं। वह पांच दिन तक प्राधानमंत्री निवास में बेटे नरेंद्र मोदी के साथ रही थीं।
इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के लिए भूमिपूजन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे में तेजी से विकास हो रहा है। भूमिपूजन के मौके पर पीएम मोदी के साथ रेल मंत्री सुरेश प्रभु मौजूद थे। गुजरात सरकार ने 250 करोड़ रुपये की लागत से गांधीनगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करने का निर्णय किया है।
दरअसल गुजरात के गांधीनगर में देश का पहला ऐसा 5 स्टार होटल बनने जा रहा है, जो रेलवे ट्रैक के ऊपर हवा में होगा। इस होटल में सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। होटल में कुल 300 कमरे होंगे। गांधीनगर में रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाले इस फाइव स्टार होटल के लिए गुजरात सरकार और रेल मंत्रालय की कंपनी आईआरएसडीसी के बीच करार हुआ है।