नई दिल्ली: गुरुवार-शुक्रवार को हुई बारिश के कारण गुरुग्राम समेत दिल्ली-NCR की तमाम सड़कों पर लग गया ट्रैफिक जाम अब सामान्य हो गया है। आपको बता दें कि बीते दिन से बारिश के कारण गुरुग्राम में गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया था। बारिश के कारण सड़कों पर भरे पानी ने लोगों को पूरी रात गाड़ियों में ही सोने को मजबूर कर दिया। बच्चे, बूढ़े और ऑफिस जाने वाले तमाम लोगों को इस भीषण परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में भी बारिश ने यातायात को चौपट कर दिया था। काफी मशक्कत के बाद अब जाकर ट्रैफिक की स्थिति सामान्य हो पाई है।
दिल्ली की सड़कों पर भर गया पानी, ऑफिस जाने वाले हुए परेशान
भारी बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी का यातायात आज पटरी से उतर गया और कई सड़कों पर जलभराव की वजह से गाड़ियां रेंगती दिखीं। इस वजह से पूरा दिन दफ्तर जाने वालों और अन्य मुसाफिरों को परेशानी हुई। सुबह में हुई बारिश ने प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार को धीमा कर दिया। कई सड़कों, अंडरपासों पर जलभराव की वजह से विभिन्न रास्तों पर भारी जाम लग गया जिस वजह से यात्रियों को खासी मुसीबत का सामना करना पड़ा।
गुड़गांव में सड़क पर लोगों ने गुजारी रात
गुरुवार शाम करीब तीन घंटे हुई बारिश से दिल्ली-NCR की सड़कों खासकर गुड़गांव में 4 फीट तक पानी जमा हो गया। सबसे बुरा हाल दिल्ली-गुड़गांव हाईवे (NH-8) और सोहना रोड पर रहा। यहां पर 18 घंटे से जाम लगा हुआ था। दो दिन के लिए सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा है कि हाईवे के हालात खराब हैं, दिल्ली के लोग गुड़गांव न आएं।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को बादशाहपुर के पास एक नाला टूटने से पानी एक्सप्रेस वे तक आ गया। इस वजह से पानी सोहना रोड और शहर के अन्य इलाकों में भर गया। सड़कों पर इतना पानी था कि गाड़ियां हिल भी नहीं पा रही थीं। नाइट शिफ्ट करने वाले इम्प्लॉइज ऑफिस और शाम को लौटने वाले घर नहीं लौट पाए। जाम के चलते लोगों को रात सड़कों पर ही गुजारनी पड़ी।