1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज से खुले सभी ATM, एक कार्ड से सिर्फ 2000 रुपए निकाल सकेंगे

आज से खुले सभी ATM, एक कार्ड से सिर्फ 2000 रुपए निकाल सकेंगे

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 11, 2016 08:23 am IST,  Updated : Nov 11, 2016 08:23 am IST

आज से देश भर के एटीएम खुल गए हैं। सभी बैंकों के एटीएम में 500 और 2000 रुपए के नए नोट उपलब्ध रहेंगे। इनसे एक व्यक्ति एक कार्ड के जरिए 18 नवंबर तक 2000 रुपए प्रतिदिन निकाल सकता है।

ATM- India TV Hindi
ATM

नई दिल्ली: आज से देश भर के एटीएम खुल गए हैं। सभी बैंकों के एटीएम में 500 और 2000 रुपए के नए नोट उपलब्ध रहेंगे। इनसे एक व्यक्ति एक कार्ड के जरिए 18 नवंबर तक 2000 रुपए प्रतिदिन निकाल सकता है। बाद में इसकी सीमा बढ़ाकर 4000 रुपए कर दी जाएगी।

सरकार ने मंगलवार को कालेधन, जाली मुद्रा तथा आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ उपाय के तहत 500 और 1,000 का नोट बंद करने की घोषणा की। इनके स्थान पर 500 और 2,000 के नए नोट जारी किए गए हैं।

एटीएम में कैश उपलब्ध कराने की आज से सरकार और बैंकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। हालांकि ये दावा किया गया है कि इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है, लेकिन फिर भी शुरूआती कुछ दिनों में कहीं कहीं लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

देशभर में करीब 2 लाख 20 हजार एटीएम हैं। एक एटीएम में 10 हजार नोट डाले जा सकते हैं। पहले 500 और 1000 के नोट के साथ एटीएम में 15-20 लाख रुपए होते थे लेकिन अब 100 रुपए के नोट के साथ करीब 4 लाख रुपए ही एटीएम में रहेंगे। ये समस्या तब तक है जब तक सभी एटीएम में 2000 के नए नोट डालने की व्यवस्था नहीं हो जाती।

यानी जो लोग आज एटीएम से 2000 का नया नोट निकालने की उम्मीद कर रहे हैं उन्हें निराश होना पड़ सकता है। वहीं 500 और 1000 के पुराने नोट जमा कराने के लिए आज भी लोगों को डाकघर, बैंक या कैश डिपॉजिट मशीन में ही जाना पड़ेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत