1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को भारत से अलग नहीं कर सकती, अब सिर्फ PoK पर ही होगी बातचीत’

‘दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को भारत से अलग नहीं कर सकती, अब सिर्फ PoK पर ही होगी बातचीत’

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 11, 2016 11:12 am IST,  Updated : Aug 11, 2016 11:12 am IST

जम्मू कश्मीर में हाल की हिंसा और अशांति के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार ने दो टूक शब्दों में कहा कि दुनिया की कोई ताकत जम्मू कश्मीर को भारत से अलग नहीं कर सकती तथा अब पड़ोसी देश के साथ पीओके पर ही बातचीत की जाएगी।

modi- India TV Hindi
modi

नयी दिल्ली: जम्मू कश्मीर में हाल की हिंसा और अशांति के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार ने दो टूक शब्दों में कहा कि दुनिया की कोई ताकत जम्मू कश्मीर को भारत से अलग नहीं कर सकती तथा अब पड़ोसी देश के साथ पाक अधिकृत कश्मीर :पीओके: पर ही बातचीत की जाएगी। सरकार ने यह भी घोषणा की कि जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर 12 अगस्त को एक सर्वदलीय बैठक बुलायी गयी है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी भाग लेंगे।

राज्यसभा में जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर हुई चर्चा के बाद एक संकल्प सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसमें कश्मीर घाटी में अशांति, हिंसा और कफ्र्यू के प्रति गंभीर चिंता जताई गई तथा इन घटनाओं में मारे और घायल हुए लोगों के प्रति संवेदना जताई गई। इसमें प्रतिबद्धता जताई गई है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा। इससे पहले चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर की हाल की घटनाओं के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि वहां जो कुछ भी हो रहा है उन सबको पाकिस्तान प्रायोजित कर रहा है। जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान के साथ बातचीत करने के सुझाव को सिरे से नकारते हुए उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान के साथ इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ अब सिर्फ पाक अधिकृत कश्मीर के मुद्दे पर ही बातचीत की जायेगी।

गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख को पत्र लिखकर जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर जनमत संग्रह कराये जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को यह नहीं भूलना चाहिये कि जम्मू कश्मीर का कहीं और से हल निकल सकता है। उन्होंने कहा, ै दुनिया की कोई ताकत हमसे जम्मू कश्मीर को अलग नहीं कर सकती।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर बातचीत के लिए 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई जायेगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। बैठक में राज्य की स्थिति के बारे में विभिन्न दलों के साथ विस्तार से चर्चा की जायेगी। राजनाथ ने कश्मीर में आईएसआईएस के झंडे लहराये जाने और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने की घटनाओं पर गहरी आपत्ति जताते हुए राज्य के युवाओं से कहा, भारत की धरती पर यह नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि आईएसआईएस इस्लाम में यकीन रखने वालों का ही सर कलम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस्लाम कभी इस बात की इजाजत नहीं देता कि किसी के सर को कलम किया जाये। चर्चा के दौरान कांग्रेस सहित कुछ दलों के सदस्यों द्वारा जम्मू कश्मीर में राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल भेजकर बातचीत करने के सुझाव पर गृहमंत्री ने कहा कि बातचीत की प्रक्रिया जारी है। स्वयं उन्होंने 23-24 जुलाई को श्रीनगर एवं अनंतनाम में जाकर विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत की थी। सिंह ने कहा कि जहां तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल को राज्य में भेजकर वहां चर्चा कराये जाने की बात है उसके लिए जमीनी स्तर पर तैयारी करनी पड़ेगी। इसके बारे में वह राज्य की मुख्यमंत्री से भी बातचीत करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत