मुंबई: यहां स्थित बांबे हाउस में टाटा संस के हटाए गए चेयरमैन साइरस मिस्त्री की फोटो लेने की कोशिश कर रहे फोटोग्राफरों तथा सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की हो गई। इसमें एक फोटोग्राफर को चोटें आईं।
बांबे हाउस टाटा ग्रुप का मुख्यालय है। मिस्त्री यहां समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड की बोर्ड बैठक में भाग लेने आए थे।
जैसे ही वह मुख्यालय पहुंचे फोटोग्राफर उनकी फोटो लेने के लिए तय घेरे से आगे चले गए। इस पर वहां मौजूदा सुरक्षाकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की हो गई। इस दौरान टाइम्स ऑफ इंडिया से जुड़ा एक फोटोग्राफर चोटिल हुआ व उसके कैमरे आदि को नुकसान पहुंचा। मिड डे व हिंदुस्तान टाइम्स से जुड़े फोटोग्राफर के कैमरों को भी नुकसान हुआ। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से हालात पर काबू पाया गया। चार सुरक्षाकर्मियों व तीन फोटोग्राफर की चिकित्सकीय जांच करवाई गई।
इस बीच लंदन से मिले एक समाचार के अनुसार टाटा समूह के अंतरिम चेयरमैन रतन टाटा ब्रिटेन में कंपनी के इस्पात कारोबार को समूह के साथ बनाए रखना चाहते हैं और इस बारे में कोई फैसला चार सप्ताह में कर लिया जाएगा।
गार्डियन अखबार ने इस बारे में एक रिर्पोट प्रकाशित की है। इसमें सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि रतन टाटा, ब्रिटेन में कंपनी के इस्पात कारोबार को समूह में ही बनाए रखना चाहते हैं।