श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के घर में लूटपाट की। कश्मीर घाटी में पिछले एक सप्ताह में यह ऐसी तीसरी घटना है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात को खुदवानी गांव में चार आतंकवादी एक वरिष्ठ पुलिसकर्मी के घर में घुस गए और लूटपाट की। उन्होंने घर से बाहर निकलने से पहले वहां रहने वालों को धमकी भी दी।
इससे एक दिन पहले आतंकवादियों ने शोपियां जिले के दायरू गांव में एक सहायक उपनिरीक्षक के घर में लूटपाट की थी। उससे पहले एक अन्य घटना में आतंकवादियों ने जम्मू कश्मीर के जेल विभाग अधिकारी के घर में लूटपाट की थी और उनकी कार को आग के हवाले कर दिया था। इन सभी घटनाओं के दौरान पुलिस अधिकारी अपने घरों में मौजूद नहीं थे।
ये भी पढ़ें
योगी आज करेंगे सीएम आवास में प्रवेश, देंगे फलाहारी पार्टी
अलगाववादियों का आज कश्मीर में बंद
वहीं बडगाम जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ के विरोध में अलगाववादियों ने बुधवार को कश्मीर में बंद बुलाया है। साथ ही इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस बीच, प्रशासन ने एहतियातन घाटी में रेल सेवा स्थगित कर दिया है।
इस मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया, जबकि सुरक्षाबलों की कार्रवाई का विरोध कर रहे तीन स्थानीय युवकों की गोली लगने से मौत हो गई थी। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि बडगाम जिले के चादूरा इलाके के दरबग गांव में एक घर में छिपे एक आतंकवादी के मारे जाने के साथ ही मुठभेड़ दोपहर में खत्म हो गई। उन्होंने कहा, "मारे गए आतंकवादी और उसका हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिया गया है। मुठभेड़ खत्म हो गई है।"