1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'पाकिस्तान से बातचीत नहीं, उसे कड़ा जवाब देने पर विचार हो'

'पाकिस्तान से बातचीत नहीं, उसे कड़ा जवाब देने पर विचार हो'

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 29, 2016 04:21 pm IST,  Updated : Jul 29, 2016 04:21 pm IST

लोकसभा में शुक्रवार को भाजपा के एक सदस्य ने भारत में हुए आतंकवादी हमलों को पाकिस्तान प्रायोजित बताते हुए कहा कि पड़ोसी देश के साथ बातचीत नहीं होनी चाहिए बल्कि उसकी ही भाषा में जवाब देने के तरीके खोजने के बारे में विचार करना चाहिए।

bjp- India TV Hindi
bjp

दिल्ली: लोकसभा में शुक्रवार को भाजपा के एक सदस्य ने भारत में हुए आतंकवादी हमलों को पाकिस्तान प्रायोजित बताते हुए कहा कि पड़ोसी देश के साथ बातचीत नहीं होनी चाहिए बल्कि उसकी ही भाषा में जवाब देने के तरीके खोजने के बारे में विचार करना चाहिए। शून्यकाल में आर के सिंह ने कहा कि पिछले दिनों कश्मीर में एक जीवित आतंकवादी के पकड़े जाने की खबरें आई हैं जिससे पूछताछ में पता चला है कि वह पाकिस्तान से प्रशिक्षण लेकर वहां की सेना के माध्यम से यहां आया।

उन्होंने कहा कि पहले भी पाकिस्तानी आतंकवादी पकड़े जाते रहे हैं और भारत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले होते रहे हैं। सिंह ने पठानकोट और कश्मीर में हुए आतंकवादी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान से बातचीत का कोई महत्व नहीं है। जब भी बातचीत होती है तो उसकी ओर से आतंकी हमलों के मामले सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को कठोर जवाब देने के तरीकों पर विचार करना होगा। सत्तारूढ़ पार्टी के ही किरीट सोलंकी ने गुजरात में पाकिस्तान से लगी 340 किलोमीटर सीमा पर नए सिरे से बाड़ लगाने की मांग उठाते हुए कहा कि बाड़ का तार कई जगह जर्जर हो गया है और उन रास्तों से पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय सीमा में आते हैं। सोलंकी ने कहा कि इसके चलते ड्रग्स आदि की तस्करी भी होती है।

उन्होंने नई बाड़ लगाने के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में खासतौर पर रात में निगरानी रखने के लिए हाई डेफिनिशिन सीसीटीवी कैमरे भी लगाने की मांग की। मनोनीत सदस्य प्रो. रिचर्ड हे ने आईएसआईएस आतंकवादी समूह द्वारा भारतीय नौजवानों को भर्ती करने के प्रयासों पर चिंता जताते हुए कहा, सरकार को ऐसे युवाओं को आतंकवादी संगठन से दूर करने के लिए उन्हें समझाने और साइबर क्षेत्र पर निगरानी के लिए भी कदम उठाने चाहिए ताकि इन नौजवानों का रुझान आईएसआईएस की ओर नहीं बढ़े।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत