1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौसम: दिल्ली में बदली, UP और MP में फुहार, बिहार में बारिश के आसार

मौसम: दिल्ली में बदली, UP और MP में फुहार, बिहार में बारिश के आसार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 06, 2016 11:52 am IST,  Updated : Jul 06, 2016 11:52 am IST

केरल तट पर मानसून की दस्तक के बाद से ही उत्तर भारत के राज्यों में बारिश ने गर्मी और उमस के प्रभाव को कम करना शुरु कर दिया है।

Weather
- India TV Hindi
Weather

नई दिल्ली: केरल तट पर मानसून की दस्तक के बाद से ही उत्तर भारत के राज्यों में बारिश ने गर्मी और उमस के प्रभाव को कम करना शुरु कर दिया है। जहां एक ओर देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, वहीं दिल्ली का मौसम में इन दिनों सुहाना हो चुका है। अगर आज के मौसम की बात करें तो दिल्ली में बदली छाई हुई है और यूपी में बादल छाए हुए हैं। साथ ही रूक-रूक कर हो रही बारिश ने भी यूपी मौसम सुहाना कर दिया है। जानिए आज कैसा है मौसम का हाल।

दिल्ली में सुबह में बदली छाई रही

देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह बदली छाई रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, "दिनभर बदली छाई रहेगी। शाम या रात होते-होते कई इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ फुहारें पड़ने की संभावना है।" मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 78 फीसदी आद्र्रता दर्ज की गई। दिल्ली में एक दिन पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मप्र में बारिश का दौर जारी

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर बुधवार को भी बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है और गर्मी का असर कम है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान सामान्य से भारी बारिश का अनुमान जताया है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर जोरदार बारिश हुई। भोपाल में 37 मिलीमीटर, जबलपुर में 30.6 मिलीमीटर, खजुराहो में 51.3 मिलीमीटर, पचमढ़ी में 42 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य में जारी बारिश के दौर ने गर्मी से काफी हद तक राहत दिलाई है। भोपाल का बुधवार को न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री, इंदौर का 24.4 डिग्री, ग्वालियर का 27.5 डिग्री और जबलपुर का 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

UP में बादल छाए, रुक-रुककर हो रही बारिश

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। बारिश होने से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक सामान्य बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश होने की संभावाना है। अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

बिहार में हल्की बारिश के आसार

बिहार में राजधानी पटना और इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार सुबह बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए. के. सेन के अनुसार, "अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, पर अब तेज बारिश के लिए चार-पांच दिनों का इंतजार करना होगा।"

केन्द्र के अनुसार, राजधानी पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान गया में 50.80 मिलीमीटर तथा पटना में 17.40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत