1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. व्यापमं घोटाला: भोपाल में CBI का छापा, करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले

व्यापमं घोटाला: भोपाल में CBI का छापा, करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज मिले

 Written By: IANS
 Published : Nov 04, 2016 10:35 pm IST,  Updated : Nov 04, 2016 10:42 pm IST

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज सहित पांच स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दो करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए गए।

Vyapam- India TV Hindi
Vyapam

भोपाल: मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार को भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज सहित पांच स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान दो करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए गए। 

(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

सीबीआई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में स्थित चिरायु चिकित्सा महाविद्यालय के साथ चार अन्य स्थानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई चिकित्सा महाविद्यालय में साजिश रचकर एमबीबीएस की सीटें भरे जाने की शिकायत पर की गई। सीबीआई ने पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाए जाने की पुष्टि के साथ दो करोड़ रुपये की संपत्ति और दस्तावेज बरामद किए जाने की पुष्टि की है। 

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2011 में हुई पीएमटी में निजी चिकित्सा महाविद्यालय में सरकारी कोटे की 67 सीटें थीं, जिन्हें चिकित्सा शिक्षा निदेशक द्वारा मेरिट के आधार पर विभिन्न छात्रों को आवंटित कर दी गई, लेकिन 47 सीटों को कॉलेज प्रबंधन द्वारा अंतिम तारीख 30 सितंबर को खाली दर्शाते हुए, बिना काउंसलिंग के स्वयं भर लिया।

आपको बता दें कि व्यापमं चिकित्सा महाविद्यालयों सहित व्यावसायिक पाठ्यक्रम में दाखिले और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की नौकरी की परीक्षा आयोजित करता है। परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद इस मामले की जांच जुलाई, 2015 को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई को सौंपी गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत