1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. फोन टैपिंग: मुकुल-विजयवर्गीय के 2 ऑडियो क्लिप वायरल, ममता सरकार पर लगाया आरोप

फोन टैपिंग: मुकुल-विजयवर्गीय के 2 ऑडियो क्लिप वायरल, ममता सरकार पर लगाया आरोप

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Oct 10, 2018 05:47 pm IST,  Updated : Oct 10, 2018 05:47 pm IST

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य के भाजपा नेताओं के टेलीफोन की गैरकानूनी तरीके से टैपिंग के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को जिम्मेदार ठहराया।

Mukul Roy and Kailash Vijayvargiya- India TV Hindi
Mukul Roy and Kailash Vijayvargiya

कोलकाता: भाजपा नेता मुकुल रॉय ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर उनके फोन की ‘‘गैरकानूनी टैपिंग’’ करने का आरोप लगाया। दरअसल, भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के साथ उनकी कथित टेलीफोन वार्ता की दो ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर फैल रही हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य के भाजपा नेताओं के टेलीफोन की गैरकानूनी तरीके से टैपिंग के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। रॉय ने कहा, ‘‘मैं अपने फोनों की टैपिंग के खिलाफ अदालत की शरण में जा चुका हूं। मामला अब अदालत में विचाराधीन है। लेकिन मैं सिर्फ एक बात कहना चाहूंगा कि अगर आप किसी के टेलीफोन की टैपिंग कर रहे हैं तो यह पूरी तरह से गैरकानूनी और अनैतिक है।’’

उन्होंने मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में एक मामला दायर करके फोन टैप किए जाने का आरोप लगाया।

एक ऑडियो क्लिप में रॉय, विजयवर्गीय से कथित रूप से कह रहे हैं कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बात करके यह सुनिश्चित किया जाए कि सीबीआई चार आईपीएस अधिकारियों को ‘‘डराने के लिए’’ उन पर नजर रखे। दूसरी ऑडियो क्लिप में, पूर्व तृणमूल नेता रॉय ने विजयवर्गीय से कथित रूप से कहा कि नारद स्टिंग ऑपरेशन करने वाले एक पत्रकार ने उनको एक वृत्तचित्र के बारे में बताया है जो तृणमूल कांग्रेस को ‘‘खत्म’’ कर देगा।

इन ऑडियो क्लिपों का फिलहाल सत्यापन नहीं किया जा सका। संयोग की बात है कि वर्तमान और कुछ पूर्व आईपीएस अधिकारियों को सीबीआई ने सारदा घोटाले के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत