1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस ने कहा, दलित के बेटे के सीएम बनने से बीजेपी के पेट में दर्द हो रहा है

कांग्रेस ने कहा, दलित के बेटे के सीएम बनने से बीजेपी के पेट में दर्द हो रहा है

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 20, 2021 03:56 pm IST,  Updated : Sep 20, 2021 03:56 pm IST

सुरजेवाला ने कहा, भारतीय जनता पार्टी छींटाकशी करके चन्नी जी और दलितों का अपमान करने की साजिश कर रही है।

Congress, Charanjit Singh Channi, Charanjit Singh Channi BJP, Charanjit Singh Channi Punjab- India TV Hindi
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को अपमानित करने की साजिश कर रही है। Image Source : PTI FILE

नई दिल्ली: कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि पंजाब में एक गरीब और दलित के बेटे चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री बनने से भारतीय जनता पार्टी के पेट में दर्द हो रहा है, जिस वजह से वह उन्हें अपमानित करने की साजिश कर रही है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती पर भी उनके एक बयान को लेकर पलटवार किया और उन्हें चुनौती दी कि वह पंजाब में शिरोमणि अकाली दल एवं बीएसपी के गठबंधन की ओर से किसी दलित को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करें।

‘दलितों का अपमान करने की साजिश’

सुरजेवाला ने कहा, ‘चरणजीत सिंह चन्नी के सीएम बनने से भारतीय जनता पार्टी के पेट में दर्द हो रहा है। इसलिए वह छींटाकशी करके चन्नी जी और दलितों का अपमान करने की साजिश कर रही है। मोदी जी दलितों के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन उन्होंने देश में किसी दलित को सीएम नहीं बनाया। क्या किसी गरीब और दलित का बेटा सीएम नहीं बन सकता? भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और अकाली दल के पेट में दर्द क्यों हो रहा है?’ सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस ने दलित समुदाय के व्यक्तियों को राष्ट्रपति, लोकसभा अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री के पद पर पहुंचने का मौका दिया।

‘हम मायावती जी का सम्मान करते हैं’
मायावती के एक बयान को लेकर उन पर पलटवार करते हुए सुरजेवाला ने कहा, ‘हम मायावती जी का सम्मान करते हैं। वह हमारी बुजुर्ग हैं। हम उनसे कहते हैं कि वह भी घोषणा कर दें कि पंजाब में अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी का मुख्यमंत्री उम्मीदवार दलित होगा।’ मायावती ने चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने को चुनावी हथकंडा बताते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी और अकाली दल गठबंधन से कांग्रेस बहुत ज्यादा घबराई हुई है, इसीलिए उसने ऐसा किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत