1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी को चढ़ाएं मीठा पान, जानें घर पर बनाने की आसान रेसिपी

नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी को चढ़ाएं मीठा पान, जानें घर पर बनाने की आसान रेसिपी

 Written By: Poonam Yadav
 Published : Oct 16, 2026 06:00 am IST,  Updated : Oct 16, 2026 10:28 am IST

नवरात्रि के छठे दिन दुर्गा मां को मीठे पान का भोग लगाया जाता है। अगर आप भी इसे घर पर बनाना चाहते हैं तो चलिए, जानते हैं घर पर मीठा पान कैसे बनाएं?

मीठा पान बनाने की आसान रेसिपी- India TV Hindi
मीठा पान बनाने की आसान रेसिपी Image Source : YOUTUBE -@ASHMA'S KITCHEN

नवरात्रि के छटवें दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। इस दिन मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए मीठे पान का भोग लगाया जाता हैं। अगर आप भी इस नवरात्रि मां कात्यायनी के लिए कुछ खास बनाना चाहते हैं, तो उनका पसंदीदा मीठा पान घर पर तैयार कर सकते हैं। ख़ास बात यह है कि मीठा पान बनाना बेहद आसान है और इसे तैयार करने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं होती। तो चलिए जानते हैं घर पर मीठा पान बनाने की रेसिपी।

मीठा पान बनाने के लिए सामग्री

4-5 पान के पत्ते, 2 बड़े चम्मच गुलकंद, 1 बड़ा चम्मच सौंफ, 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा नारियल, 1 बड़ा चम्मच टूटी-फ्रूटी, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 1 छोटा चम्मच बारीक कटे बादाम और काजू, 1 छोटा चम्मच मिश्री, पान को सजाने के लिए चेरी या गुलाब की पंखुड़ियां

मीठा पान बनाने की विधि

  • पहला स्टेप : मीठा पान बनाने के लिए सबसे पहले पान के ताजे पत्ते लें और उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद कॉटन के कपड़े से पत्तों का पानी साफ़ कर के उसे अच्छी तरह से सूखा लें। अब उसके बाद, पत्तों का डंठल हटा दें और जरूरत के अनुसार बीच की मोटी नस को हल्का काट सकते हैं, ताकि पान आसानी से मुड़ सके।

  • दूसरा स्टेप: अब एक बाउल में गुलकंद, सौंफ, बारीक कटा नारियल, टूटी-फ्रूटी, इलायची पाउडर और कटे हुए बादाम-काजू डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद है, तो इसमें थोड़ी मिश्री भी मिला सकते हैं।

  • तीसरा स्टेप: अब एक पान का पत्ता लें और उसके बीच में तैयार किया हुआ मिश्रण रखें। ध्यान रखें कि भरावन बहुत ज्यादा न डालें, वरना पान को मोड़ने में परेशानी हो सकती है।

  • चौथा स्टेप: पान के पत्ते के किनारों को अंदर की ओर मोड़ें और फिर इसे त्रिकोण आकार में बंद कर दें। जरूरत हो तो पान को लौंग की मदद से बंद कर सकते हैं।

  • पांचवां स्टेप: इसी तरह बाकी पान भी तैयार कर लें। इन्हें एक साफ प्लेट में रखें और चाहें तो गुलाब की पंखुड़ियों या चेरी से सजा दें। आपका मीठा पान तैयार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।