1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद रेप का आरोपी कोर्ट से फरार

MP: आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद रेप का आरोपी कोर्ट से फरार

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 06, 2021 01:10 pm IST,  Updated : Mar 06, 2021 01:10 pm IST

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की एक विशेष अदालत द्वारा दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद 23 वर्षीय दोषी धक्का मुक्की कर वहां से फरार हो गया।

MP: आजीवन कारावास की सजा...- India TV Hindi
MP: आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद रेप का आरोपी कोर्ट से फरार Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

राजगढ़ (मप्र): मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की एक विशेष अदालत द्वारा दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद 23 वर्षीय दोषी धक्का मुक्की कर वहां से फरार हो गया। अभियोजन अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। जिला लोक अभियोजन अधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष न्यायाधीश डॉ अंजली पारे ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी जितेन्द्र को शुक्रवार को आजीवन कारावास की सजा सुनायी।

उन्होंने बताया कि अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद बलात्कार का दोषी जितेन्द्र, अदालत में मुंशी को धक्का देकर वहां से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि राजगढ़ थाने में दो अक्टूबर 2018 को पीड़िता के परिजन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग लड़की को बचपन में लकवा हो गया था इससे वह मानसिक तौर पर विकलांग हो गई थी। बालिका का पेट फूला होने पर उसने परिजन को बताया कि 5-6 माह पहले जितेन्द्र ने उसके साथ बलात्कार किया था और तथा पेट में उसका गर्भ है।

श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 376 (बलात्कार) एवं पॉक्सो अधिनियम की संबधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था। जांच के दौरान पीड़ित बालिका के बयान लिए गए तथा जांच के बाद अभियोग पत्र अदालत में पेश किया। उन्होंने बताया कि अदालत ने आरोपी जितेन्द्र को आजीवन करावास एवं दस हजार रुपये जुर्माने की सजा से दंडित किया है। सजा सुनाए जाने के बाद अभियुक्त जितेन्द्र अचानक न्यायालय कक्ष में मुंशी को धक्का देकर वहां से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि अदालत से अपराधी के फरार होने की सूचना जिला पुलिस अधीक्षक को दी गई है। पुलिस जितेन्द्र की तलाश कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।