1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मुरैना में प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को किया संबोधित, बोलीं- हिंदू धर्म और उसके सिद्धांत पर हुई कांग्रेस की स्थापना

मुरैना में प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को किया संबोधित, बोलीं- हिंदू धर्म और उसके सिद्धांत पर हुई कांग्रेस की स्थापना

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : May 03, 2024 06:35 am IST,  Updated : May 03, 2024 06:35 am IST

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रचार करने के लिए मुरैना पहुंची। इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ सरकार वोट हासिल करने के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है।

Priyanka Gandhi addressed the election rally in Morena said Congress was established on Hindu religi- India TV Hindi
मुरैना पहुंची प्रियंका गांधी Image Source : FILE PHOTO

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी का गठन हिंदू धर्म के सिद्धांतों और सत्य की बुनियाद पर किया गया। प्रियंका गांधी वाद्रा ने मध्यप्रदेश के मुरैना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सत्तारूढ़ सरकार वोट हासिल करने के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी परंपरा महात्मा की है। हमारी (कांग्रेस की) राजनीतिक नींव महात्मा गांधी ने रखी थी, जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी। हिंदू धर्म जो सिखाता है, कांग्रेस उस पर आधारित है। महात्मा गांधी ने हमें सच्चाई के रास्ते पर चलना सिखाया।’’ 

Related Stories

प्रियंका गांधी ने चुनावी रैली को किया संबोधित

उन्होंने कहा कि भारत को इस सच्चाई के कारण आजादी मिली और सत्तारूढ़ पार्टी का धर्म देश और उसके लोगों की सेवा करना होना चाहिए। कांग्रेस नेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘यह हमारी परंपरा है। लेकिन पिछले 10 वर्षों में आपने सत्ता में बने रहने के लिए धर्म के नाम पर वोट हासिल किए हैं।’’ प्रत्येक नागरिक को धार्मिक बताते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने उन्हें पूजा करना सिखाया था। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता राजीव गांधी के साथ मंदिर जाती थीं। 

प्रियंका गांधी बोलीं- हिंदू धर्म सत्य है

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां (सोनिया गांधी) ने देश से ये परंपराएं सीखीं। उन्होंने मुझे सिखाया कि हिंदू धर्म क्या है। हिंदू धर्म सत्य है। देश का आदर्श वाक्य सत्यमेव जयते है। हम इसे दिल से जानते हैं।’’ प्रियंका गांधी ने सवाल किया, ‘‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि कांग्रेस आपके मंगलसूत्र छीन लेगी। यह अविश्वसनीय है। कांग्रेस 55 वर्षों तक सत्ता में थी। क्या उसने आपका सोना या मंगलसूत्र चुराया है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दावा किया, ‘‘इंदिराजी ने इस देश को अपना सोना दिया। मेरी मां ने देश के लिए अपना मंगलसूत्र बलिदान कर दिया। कांग्रेस आपसे कुछ नहीं छीनेगी। इंदिराजी ने गरीबों को (भूमि के) पट्टे दिए। अब गरीबों की जमीन अरबपति कारोबारियों को दी जा रही है।’’ 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।