1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में सरकार बनाने का प्लान कर रही है BJP? देवेंद्र फडणवीस ने दिया जवाब

महाराष्ट्र में सरकार बनाने का प्लान कर रही है BJP? देवेंद्र फडणवीस ने दिया जवाब

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 11, 2020 07:07 pm IST,  Updated : Nov 11, 2020 07:07 pm IST

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने की ओर नज़र गढ़ाए नहीं बैठी है, यहां की सरकार एक दिन खुद चरमराकर गिरेगी और तब भाजपा वैकल्पिक सरकार देगी।

महाराष्ट्र में सरकार बनाने का प्लान कर रही है BJP? देवेंद्र फडणवीस ने दिया बहुत सीधा जवाब- India TV Hindi
महाराष्ट्र में सरकार बनाने का प्लान कर रही है BJP? देवेंद्र फडणवीस ने दिया बहुत सीधा जवाब Image Source : FILE

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने की ओर नज़र गढ़ाए नहीं बैठी है, यहां की सरकार एक दिन खुद चरमराकर गिरेगी और तब भाजपा वैकल्पिक सरकार देगी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "जहां तक महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन का सवाल है हम उसकी तरफ नज़र गड़ाए नहीं बैठे हैं। ये जो सरकार महाराष्ट्र में है ये अपने बोझ से एक दिन चरमराएगी। ऐसी सरकारें चलती नहीं हैं। जिस दिन चरमराएगी उस दिन हम वैकल्पिक सरकार देंगे।"

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना ने मिलकर विधानसभा 2019 का चुनाव लड़ा था। लेकिन, मुख्यमंत्री पद को लेकर दोनों दलों में मतभेद हो गया और दोनों अलग हो गए। फिर, लंबी चली सियासी उठापटक के बीच शिवसेना ने कांग्रेस और NCP के साथ मिलकर सरकार बना ली। इस सरकार में उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बन गए। हालांकि, इससे पहले NCP नेता अजित पवार के साथ मिलकर भाजपा ने भी सरकार बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वह कोशिश नाकाम रही।

तभी से भाजपा महाराष्ट्र में विपक्ष में है और लगातार शिवसेना-कांग्रेस-NCP के गठबंधन वाली सरकार पर निशाना साध रही है। भाजपा का मानना है कि यह सरकार अलग-अलग विचारधारा वाले लोगों के गठबंधन से है, जो ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। ऐसे में बुधवार को देवेंद्र फडणवीस ने फिर गठबंधन सरकार के अपने बोझ से ही चरमराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जब यह सरकार गिरेगी तो भाजपा राज्य में एक वैकल्पिक सरकार देगी।

वहीं, इस दौरान उन्होंने बिहार चुनाव में NDA की जीत को लेकर भी खुशी जाहिर की। पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "हमें बहुत खुशी है कि बिहार की जनता ने एक बार फिर NDA पर भरोसा जताया है। लोगों ने मोदी जी को देखकर वोट किया और नीतीश कुमार जी की साफ छवि का भी हमें फायदा मिला।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।