1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'बिना सुरक्षा के बाहर निकलकर दिखाएं संजय राउत', क्यों भड़क उठे केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव?

'बिना सुरक्षा के बाहर निकलकर दिखाएं संजय राउत', क्यों भड़क उठे केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव?

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 19, 2026 10:14 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 10:27 pm IST

उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के सांसदों की बगावत के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी लगातार जारी है। संजय राउत के विवादित बयान के बाद सत्ता पक्ष के नेता लगातार उनके ऊपर हमला बोल रहे हैं।

maharashtra shiv sena ubt MPs split- India TV Hindi
संजय राउत पर भड़के शिवसेना के नेता। Image Source : PTI

महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर से देश में चर्चा का विषय बन गई है। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के 9 में से 6 लोकसभा सांसद बागी हो गए हैं। माना जा रहा है कि ये सभी सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। वहीं, इस घटना के बाद शिवसेना यूबीटी के नेता और सांसद संजय राउत ने बागी सांसदों के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है जिसपर हंगामा खड़ा हो गया है। ऐस में अब राज्य के सत्ता पक्ष के नेता लगातार संजय राउत पर निशाना साध रहे हैं। केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने भी संजय राउत और उद्धव ठाकरे पर बड़ा हमला बोला है।

'बिना सुरक्षा के बाहर निकलकर दिखाना चाहिए'

केंद्रीय मंत्री और शिवसेना नेता प्रतापराव जाधव ने संजय राउत के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है और “ऑपरेशन तुडवा ” जैसी बातें की जा रही हैं, उसके बजाय संजय राउत को बिना सुरक्षा के बाहर निकलकर दिखाना चाहिए। प्रतापराव जाधव ने आरोप लगाया कि संजय राउत शिवसेना (यूबीटी) का कांग्रेस में विलय कराने की कोशिश कर रहे थे। उनके मुताबिक इस वजह से पार्टी के कई सांसद नाराज और आहत थे, जिसके चलते उन्होंने बगावत का रास्ता चुना और अब वे एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ आने का फैसला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सांसद औपचारिक रूप से कब पार्टी में शामिल होंगे, इसका निर्णय एकनाथ शिंदे  लेंगे, लेकिन उनके मन में शिंदे के प्रति सम्मान और विश्वास है।

उद्धव ठाकरे पर भी निशाना

प्रतापराव जाधव ने एकनाथ शिंदे की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर से जुड़े नेता हैं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं को समझते हैं। देश में कहीं भी आपदा आती है तो वे मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में हिस्सा लेते हैं और ग्राउंड ज़ीरो पर काम करते हैं। यही कारण है कि कार्यकर्ता, नेता, सांसद और विधायक लगातार उनके साथ जुड़ रहे हैं। उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए जाधव ने कहा कि उद्धव ठाकरे लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं रहते। उन्होंने कहा, “अब वे लोगों से मिलते हैं या नहीं, यह मुझे नहीं पता, क्योंकि हम तो उन्हें छोड़ चुके हैं।”

शिवसैनिक अपनी रक्षा करने में सक्षम- योगेश कदम

दूसरी ओर महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री और शिवसेना नेता योगेश कदम ने भी कहा है कि संजय राउत की बयानबाजी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवसैनिक अपनी रक्षा करने में सक्षम हैं और पुलिस ने बागी छह सांसदों को उचित सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो पुलिस उससे निपटने में पूरी तरह सक्षम है और अपना काम कर रही है। योगेश कदम ने दोहराया कि यूबीटी से अलग हुए छह सांसद जल्द ही शिंदे शिवसेना में शामिल होंगे।

संजय राउत कांग्रेस में विलय की बात कर रहे थे- योगेश कदम

योगेश कदम ने आरोप लगाया कि सांसदों के पार्टी छोड़ने की एक बड़ी वजह संजय राउत के बयान हैं। शिरसाट के मुताबिक, संजय राउत लगातार कांग्रेस में विलय जैसी बातें कर रहे थे, जिससे कई सांसद आहत हुए और उन्होंने उद्धव ठाकरे गुट का साथ छोड़ने का फैसला किया। संजय शिरसाट ने संजय राउत पर व्यक्तिगत हमला करते हुए उन्हें “दलाल” बताया और कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वे बिना सुरक्षा के बाहर निकलकर दिखाएं। उन्होंने राउत के “ऑपरेशन तुड़वा” संबंधी बयान को भी खारिज करते हुए कहा कि किसी भी सांसद या नेता ने पार्टी बदलने के लिए पैसे नहीं लिए हैं और इस तरह के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

ये भी पढ़ें- 'शिवसेना न BJP में मिली, न कांग्रेस में मिलेगी', उद्धव ने शिंदे गुट पर कसा जोरदार तंज

'ऑपरेशन करने के लिए शेर का दिल चाहिए, भेड़िये का नहीं', उद्धव की पार्टी को शिंदे का जवाब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।