1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. ग्रिड फेल होने से मुम्बई में बत्ती गुल, लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर

ग्रिड फेल होने से मुम्बई में बत्ती गुल, लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 12, 2020 10:39 am IST,  Updated : Oct 12, 2020 11:05 am IST

सोमवार की सुबह मुंबई की बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

mumbai- India TV Hindi
mumbai Image Source : FILE

सोमवार की सुबह मुंबई की बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि ग्रिड फेल होने की वजह से मुंबई के कई इलाकों की बिजली चली गई। बिजली जाने के चलते लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है। डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार बिजली आने में फिलहाल 45 मिनट का समय और लगेगा। बेस्ट इलेक्ट्रिसिटी की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि टाटा कडुना में ग्रिड फेल होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। असुविधा के लिए खेद है। हालांकि, बेस्ट की ओर से बताया नहीं गया है कि कब तक बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो पाएगी। बांद्रा, कोलाबा, माहिम इलाके में सुबह 10 बजे से ही बिजली गुल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल दक्षिण मुम्बई से लेकर पूर्वी मुम्बई तक कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप्प  है। अचानक इतने बड़े पैमाने पर बिजली गुल होने से लोगो की परेशानी बढ़ गई है। सेंट्रल रेलवे के पीआरओ ने जानकारी देते हुए बताया कि टाटा पावर की ओर से सप्लाई बाधित होने की वजह से ट्रेन सेवाएं बाधित हो रही हैं। मुंबई को बिजली की आपूर्ति करने वाली कई लाइनें और ट्रांसफार्मर (कलावा-पडग़े और खारगर आईसीटी) प्रभावित है। मुंबई और उपनगरों में को होनेे वाली 360 मेगावाट आपूर्ति प्रभावित हुई ।

इस समय नवी मुंबई से पनवेल तक विद्युत आपूर्ति बाधित है। फिलहाल मुंबई के पवई, मरोल, गोरेगांव, वरसोवा, चांदीवली में बिजली नहीं आ रही है। इसके अलावा अन्धेरी,जोगेश्वरी ईस्ट,गोरेगॉव ईस्ट में भी बिजली आपूर्ति बाधित है। अन्धेरी के चकाला,जेबी नगर ,पम्प हाउस,मेघवाड़ी, जोगेश्वरी के सर्वोदय नगर,कोंकण नगर,हंजर नगर,पूनम नगर,में बिजली गुल है। 

सेंट्रल रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ग्रिड फेल होने के कारण सेंट्रल लाइन पर मुंबई उपनगरीय ट्रेनों की आवाजाही ठप हुई है। ग्रिड फेल होने के कारण पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनें चर्चगेट से वसई रेलवे स्टेशन के बीच रुकी पड़ी हैं।  400 केवी लाइन ट्रिप हो गई है। संपूर्ण MIDC, पालघर, दहानू लाइनें प्रभावित हुई हैं। ईएचवी टीम के अनुसार आपूर्ति बहाल करने में एक घंटे का समय लगेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।