1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. HDFC Bank के लोन में हुआ 14 प्रतिशत का इजाफा, जून तक बांटा 11.47 लाख करोड़ रुपये का कर्ज

HDFC Bank के लोन में हुआ 14 प्रतिशत का इजाफा, जून तक बांटा 11.47 लाख करोड़ रुपये का कर्ज

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 05, 2021 03:03 pm IST,  Updated : Jul 05, 2021 03:03 pm IST

वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही के दौरान रिटेल लोन लगभग 43,600 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की अवधि की तुलना में 202 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

HDFC Bank loans rise over 14 pc to Rs 11.47 lakh cr in Jun- India TV Hindi
HDFC Bank loans rise over 14 pc to Rs 11.47 lakh cr in Jun Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्‍ली। निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने सोमवार को कहा कि उसके द्वारा जारी किए गए ऋण की कुल राशि इस साल 30 जून तक 14.4 प्रतिशत बढ़कर 11.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई। एचडीएफसी बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि 30 जून 2021 तक बैंक का अग्रिम लगभग 11,475 अरब रुपये था, जो 30 जून, 2020 तक 10,033 अरब रुपये के मुकाबले करीब 14.4 प्रतिशत वृद्धि दर्शाता है।

बैंक ने बताया कि 31 मार्च 2021 से उसके अग्रिम में लगभग 1.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई। निजी क्षेत्र के ऋणदाता ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के अंत तक उसके घरेलू खुदरा ऋण कारोबार में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि घरेलू थोक ऋण लगभग 17 प्रतिशत बढ़ा। 

ऋण श्रेणियों के बीच, 30 जून, 2020 की तुलना में रिटेल लोन में 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 31 मार्च, 2021 की तुलना में इसमें लगभग 1 प्रतिशत की कमी आई। कमर्शियल और रूरल बैंकिंग ऋण 30 जून, 2020 की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत बढ़ा है और मार्च तिमाही की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत बढ़ा है। अन्‍य थोक ऋण पिछले साल जून तिमाही की तुलना में लगभग 10.5 प्रतिशत और मार्च तिमाही की तुलना में लगभग 1.5 प्रतिशत बढ़ा है।

वित्‍त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही के दौरान रिटेल लोन लगभग 43,600 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की अवधि की तुलना में 202 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। रिटेल लोन में पैरेंट कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड के होम लोन भी शामिल हैं।    

जमा के मामले में 30 जून, 2021 तक बैंक के पास कुल जमा 13.46 लाख करोड़ रुपये रहा,  जिसमें 13.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिटेल जमा में वार्षिक आधार पर लगभग 16.5 प्रतिशत की व‍ृद्धि हुई है और थोक जमा पिछले साल जून की तुलना में स्थिर रहा है। एचडीएफसी बैंक का शेयर बीएसई पर 1500.95 रुपये पर कारोबार कर र‍हा था, जो अपने पूर्व बंद भाव से 1.35 प्रतिशत अधिक है।   

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा