1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नेस्ले ने दूसरी तिमाही में कमाया 231 करोड़ रुपए का मुनाफा

नेस्ले ने दूसरी तिमाही में कमाया 231 करोड़ रुपए का मुनाफा

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Jul 29, 2016 08:11 pm IST,  Updated : Jul 29, 2016 08:11 pm IST

मैगी नूडल्स पर पिछले साल लगे प्रतिबंध के बाद हुए नुकसान से उबरते हुए नेस्ले इंडिया ने दूसरी तिमाही में 230.84 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया है।

प्रतिबंध के नुकसान से उबरी नेस्‍ले, दूसरी तिमाही में कमाया 231 करोड़ रुपए का मुनाफा- India TV Hindi
प्रतिबंध के नुकसान से उबरी नेस्‍ले, दूसरी तिमाही में कमाया 231 करोड़ रुपए का मुनाफा

नई दिल्ली। मैगी नूडल्स पर पिछले साल लगे प्रतिबंध के बाद हुए नुकसान से उबरते हुए एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनी नेस्ले इंडिया ने 30 जून को समाप्त दूसरी तिमाही में 230.84 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया है। कंपनी का वित्त वर्ष जनवरी से दिसंबर तक होता है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 64.40 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ था।

पतंजलि से प्रतिस्पर्धा के लिए 25 नए उत्पाद लाएगी नेस्ले

बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा है कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी शुद्ध बिक्री 16.66 फीसदी बढ़कर 2,256.09 करोड़ रुपए पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 1,933.84 करोड़ रुपए थी। नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुरेश नारायणन ने कहा, यह खुशी की बात है कि मैगी नूडल्स पिछले साल नवंबर में दोबारा पेश किए जाने के बाद 57 फीसदी हिस्सेदारी के साथ फिर बाजार में अग्रणी स्थिति में पहुंच गई है। चालू साल की पहली छमाही में नेस्ले का शुद्ध लाभ 91.43 फीसदी बढ़कर 489.84 करोड़ रुपए रहा, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 255.88 करोड़ रुपए था।

आर्सेलरमित्तल का मुनाफा छह गुना बढ़ा 

लंदन। इस्पात की कीमतों में तेजी तथा एक अमेरिकी कंपनी से एकबारगी लाभ के चलते प्रमुख इस्पात कंपनी आर्सेलरमित्तल का शुद्ध लाभ 30 जून को समाप्त तिमाही में छह गुना बढ़कर 1.11 अरब डॉलर हो गया। कंपनी ने एक बयान में कहा है कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसने 17.9 करोड़ डॉलर का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी का वित्त वर्ष जनवरी से दिसंबर तक रहता है।

आर्सेलरमित्तल के बयान के अनुसार, 2016 की दूसरी तिमाही में शुद्ध आय 1.1 अरब डालर रही। कंपनी को 2016 की पहली तिमाही में 0.4 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ था। आलोच्य अवधि में कंपनी को आर्सेलरमित्तल यूएसए से कर्मचारी लाभ के रूप में 0.8 अरब डॉलर का एकबारगी लाभ हुआ। आलोच्य अवधि में कंपनी की शुद्ध बिक्री हालांकि 13 प्रतिशत घटकर 14.74 अरब डॉलर रह गई जो कि 2015 की समान तिमाही में 16.89 अरब डॉलर थी। आर्सेलरमित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी निवास मित्तल ने कहा, प्रमुख बाजारों में अनुकूल कीमत माहौल के चलते दूसरी तिमाही में आर्सेलरमित्तल का प्रदर्शन अच्छा रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा