1. Hindi News
  2. पैसा
  3. आईपीओ
  4. PhysicsWallah IPO: पहले दिन पूरी तरह से फ्लॉप रहा आईपीओ, जानें कितना मिला सब्सक्रिप्शन

PhysicsWallah IPO: पहले दिन पूरी तरह से फ्लॉप रहा आईपीओ, जानें कितना मिला सब्सक्रिप्शन

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 11, 2025 07:26 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 07:26 pm IST

सोमवार को, फिजिक्सवाला ने कहा था कि उसने एंकर इंवेस्टर्स से 1563 करोड़ रुपये जुटाए हैं। फिजिक्सवाला ने अपने आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू प्रत्येक शेयर के लिए 103 रुपये से 109 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।

PhysicsWallah, PhysicsWallah ipo, PhysicsWallah ipo subscription, PhysicsWallah ipo subscription sta- India TV Hindi
QIB ने पहले दिन सिर्फ 6302 शेयरों के लिए किया आवेदन Image Source : HTTPS://X.COM/PHYSICSWALLAHAP

PhysicsWallah IPO: एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया। ये आईपीओ गुरुवार, 13 नवंबर को बंद होगा। फिजिक्सवाला आईपीओ के लिए पहला दिन पूरी तरह से फ्लॉप रहा। पहले दिन, आईपीओ को निवेशकों की कोई खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। एनएसई के डेटा के मुताबिक, पहले दिन, फिजिक्सवाला के आईपीओ को मात्र 0.07 गुना यानी 7 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन ही मिल पाया। 3480 करोड़ रुपये के आईपीओ में सिर्फ 1,31,22,682 शेयरों के लिए ही बोलियां प्राप्त हुईं, जबकि प्रस्तावित शेयरों की संख्या 18,62,04,143 है। 

QIB ने पहले दिन सिर्फ 6302 शेयरों के लिए किया आवेदन

कंपनी के आईपीओ को पहले दिन रिटेल इंवेस्टर्स की तरफ से 33 प्रतिशत, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NII) से 2 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला, जबकि QIB कैटेगरी के निवेशकों ने पहले दिन रिजर्व किए गए 10,11,55,340 शेयरों की तुलना में सिर्फ 6302 शेयरों (0.00 गुना) के लिए ही बोली लगाई। सोमवार को, फिजिक्सवाला ने कहा था कि उसने एंकर इंवेस्टर्स से 1563 करोड़ रुपये जुटाए हैं। फिजिक्सवाला ने अपने आईपीओ के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू प्रत्येक शेयर के लिए 103 रुपये से 109 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है। इस हिसाब से रिटेल निवेशकों को एक लॉट में 137 शेयर दिए जाएंगे और इसके लिए उन्हें कम से कम 14,933 रुपये का निवेश करना है। 

190-190 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे फिजिक्सवाला के दोनों प्रोमोटर

फिजिक्सवाला इस आईपीओ के जरिए 3480.00 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। आईपीओ के तहत 3,100 करोड़ रुपये के 28,44,03,669 नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 380 करोड़ रुपये के शेयर प्रोमोटरों द्वारा ओएफएस के जरिए 3,48,62,385 शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के दोनों प्रोमोटर अलख पांडे और प्रतीक बूब इस आईपीओ में 190-190 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। 

शेयर बाजार में कब लिस्ट होगी कंपनी

13 नवंबर को आईपीओ बंद होने के बाद 14 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा और 17 नवंबर को निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ होगा, जो 18 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो जाएगा। कंपनी ने अपने आईपीओ के मैनेजमेंट के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, गोल्डमैन शैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज और एक्सिस कैपिटल को नियुक्त किया है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। IPO से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा