1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. दलित संगठनों के भारत बंद के बीच सोना हुआ महंगा, दाम में आया 110 रुपए का उछाल

दलित संगठनों के भारत बंद के बीच सोना हुआ महंगा, दाम में आया 110 रुपए का उछाल

 Edited By: Manish Mishra
 Published : Apr 02, 2018 04:26 pm IST,  Updated : Apr 02, 2018 04:29 pm IST

आभूषण कारोबारियों की सतत लिवाली के बीच वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच दिल्ली थोक सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 110 रुपए बढ़कर 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया।

Gold Rate Today- India TV Hindi
Gold Rate Today

नई दिल्ली दलित संगठनों के आंदोलन और आभूषण कारोबारियों की सतत लिवाली के बीच वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच दिल्ली थोक सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 110 रुपए बढ़कर 31,460 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। सिक्का निर्माताओं और औद्योगिक इकाइयों का उठाव बढ़ने से चांदी की कीमत भी 175 रुपए की तेजी के साथ 39,375 रुपए प्रति किलोग्राम हो गयी। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव को लेकर ताजा चिंताओं के बीच सर्राफा मांग में आई तेजी से विदेशों में मजबूती के रुख के कारण कारोबारी धारणा में तेजी रही।

वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,330.80 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ16.44 डॉलर प्रति औंस हो गया। इसके अलावा घरेलू हाजिर बाजार में स्थानीय आभूषण कारोबारियों की लिवाली बढ़ने से भी तेजी के रुख को और समर्थन मिला।

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 110 - 110 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 31,460 रुपए और31,310 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। शनिवार के कारोबार में इसमें 50 रुपए की तेजी आई थी। हालांकि, 8 ग्राम गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर पूर्ववत बनी रही।

सोने की तरह ही चांदी में भी सुधार देखा गया। चांदी हाजिर 175 रुपए सुधरकर 39,375 रुपए प्रति किलोग्राम हो गयी जबकि साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 205 रुपए की तेजी के साथ 38,525 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। हालांकि, चांदी सिक्कों के भाव लिवाल और बिकवाल क्रमश: 74,000 रुपए और 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बने रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा