1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. लगातार दूसरे दिन आई खुशखबरी: जन्‍माष्‍टमी के बाद सोने की कीमत और घटी, चांदी में भी आई गिरावट

लगातार दूसरे दिन आई खुशखबरी: जन्‍माष्‍टमी के बाद सोने की कीमत और घटी, चांदी में भी आई गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 31, 2021 04:21 pm IST,  Updated : Aug 31, 2021 04:21 pm IST

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,815 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। वहीं चांदी 24.16 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।

Good news Gold tumbles Rs 100, silver tanks Rs 134 today 31 August rate- India TV Hindi
Good news Gold tumbles Rs 100, silver tanks Rs 134 today 31 August rate Image Source : PIXABAY

नई दिल्‍ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट का रुख कायम रहा। रुपये के मूल्य में सुधार के बीच मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपये घटकर 46,272 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। इससे पहले सोमवार को जन्‍माष्‍टमी वाले दिन घरेलू बाजार में सोने की कीमत में 199 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,372 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमत भी 134 रुपये घटकर 62,639 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। सोमवार को चांदी की कीमत 250 रुपये घटी थी। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 62,773 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

घरेलू शेयर बाजारों में तेजी को देखते हुए विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार के आरंभिक कारोबार में ही रुपया चार पैसे बढ़कर 73.25 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,815 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया। वहीं चांदी 24.16 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।

सोना वायदा कीमतों में तेजी

मजबूत हाजिर मांग को देखते हुए सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे स्थानीय वायदा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 39 रुपये की तेजी के साथ 47,203 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर महीने की डिलिवरी के लिये सोने की कीमत 39 रुपये यानी 0.08 प्रतिशत की तेजी लेकर 47,203 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 11,123 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली के कारण सोना वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोने की कीमत 0.31 प्रतिशत बढ़कर 1,817.80 डॉलर प्रति औंस हो गई।

चांदी वायदा कीमतों में तेजी

मजबूत हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी की कीमत 302 रुपये की तेजी के साथ 63,889 रुपये प्रति किलो हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के दिसंबर डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 322 रुपये यानी 0.47 प्रतिशत की तेजी के साथ 63,889 रुपये प्रति किलो हो गया। इस वायदा अनुबंध में 9,853 लॉट के लिए सौदे किए गए। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी के रुख को देखते हुए कारोबारियों की ताजा लिवाली से मुख्यत: चांदी वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयार्क में चांदी का भाव 0.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 24.20 डॉलर प्रति औंस हो गया।

कच्चातेल वायदा कीमतों में गिरावट

कारोबारियों द्वारा अपने सौदों के आकार को घटाने से वायदा कारोबार में मंगलवार को कच्चे तेल की कीमत 61 रुपये की गिरावट के साथ 5,010 रुपये प्रति बैरल रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चातेल के सितंबर माह में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 61 रुपये अथवा 1.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,010 रुपये प्रति बैरल रह गई जिसमें 4,204 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कमजोर हाजिर मांग के बीच कारोबारियों द्वारा अपने सौदों की कटान करने से वायदा कारोबार में कच्चा तेल कीमतों में गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में वेस्ट टैक्सास इंटरमीडिएट कच्चे तेल का दाम 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.36 डॉलर प्रति बैरल रह गया। इस बीच वैश्विक मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड का दाम 0.95 प्रतिशत घटकर 72.71 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा