1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सोना हो गया जोरदार महंगा, चांदी एक दिन में ₹7700 उछली, जानें कितने पर पहुंच गया भाव

सोना हो गया जोरदार महंगा, चांदी एक दिन में ₹7700 उछली, जानें कितने पर पहुंच गया भाव

 Published : Nov 13, 2025 06:58 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 06:59 pm IST

कमजोर डॉलर, अमेरिकी शटडाउन के अंत और संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीदों के चलते सोने और चांदी ने तेज़ी पकड़ी है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर फेडरल रिज़र्व और नरम रुख अपनाता है, तो आने वाले हफ्तों में बुलियन मार्केट में और तेजी देखने को मिल सकती है।

जूलरी स्टोर पर सोने के आभूषण पहनकर ट्राई करती महिला।- India TV Hindi
जूलरी स्टोर पर सोने के आभूषण पहनकर ट्राई करती महिला। Image Source : PTI

अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले मजबूत संकेतों और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतें गुरुवार को ₹3,000 उछलकर ₹1,30,900 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं। पीटीआई की खबर के मुताबिक, ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, सोने की यह तेजी लगातार तीसरे दिन दर्ज की गई है। गुरुवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव बुधवार के ₹1,27,300 प्रति 10 ग्राम से बढ़कर ₹1,30,300 प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना पिछले कारोबारी सत्र में ₹1,27,900 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी हो गई ₹7700 महंगी

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गुरुवार को तेज़ उछाल देखने को मिला। चांदी ₹7,700 बढ़कर ₹1,69,000 प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई, जबकि पिछले सत्र में यह ₹1,61,300 प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को भी इसमें ₹5,540 की बढ़त दर्ज हुई थी।

डॉलर में गिरावट से बुलियन को सहारा

डॉलर इंडेक्स, जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.20 प्रतिशत फिसलकर 99.30 पर आ गया। डॉलर की कमजोरी के साथ ही अमेरिकी प्रशासन द्वारा शटडाउन समाप्त करने का निर्णय सोने-चाँदी जैसी कीमती धातुओं के लिए समर्थक कारक साबित हुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेज़ी का रुख

वैश्विक स्तर पर स्पॉट गोल्ड की कीमत 41.19 डॉलर (0.98%) बढ़कर 4,236.84 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई। वहीं, स्पॉट सिल्वर 1.13 प्रतिशत चढ़कर  53.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। सौमिल गांधी, सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज), एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने कहा कि अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और आर्थिक आंकड़ों में गिरावट के चलते बाजार में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ी है। फेडरल रिज़र्व तरलता संकट से निपटने के लिए प्रणाली में और धन डाल सकता है, जिससे कीमती धातुओं को समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सप्ताह चांदी की कीमतों में अब तक 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। चांदी की तेजी कई कारकों से प्रेरित है- जिनमें संभावित दर कटौती, आपूर्ति में कमी, औद्योगिक और निवेश मांग में मजबूती, तथा तकनीकी संकेतों की सकारात्मकता शामिल है।

अमेरिका ने चांदी को 'क्रिटिकल मिनरल्स' लिस्ट में डाला

अमेरिकी आंतरिक मामलों के विभाग ने चांदी को अपनी 'क्रिटिकल मिनरल्स' सूची में जोड़ा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम चांदी की आर्थिक और सामरिक अहमियत को दर्शाता है, जिससे इसकी वैश्विक मांग में स्थायित्व आ सकता है। गांधी ने आगे कहा कि अब जब अमेरिकी सरकार का शटडाउन खत्म हो चुका है, बाजार आधिकारिक आर्थिक आंकड़ों का इंतजार कर रहा है।

संदीप रैचूरा, सीईओ, रिटेल ब्रोकिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन, एवं डायरेक्टर, पीएल कैपिटल, ने कहा कि भले ही वैश्विक तनाव कम हुआ है, लेकिन अमेरिका के भारत और अन्य देशों के साथ चल रही व्यापारिक बातचीत आगे चलकर सोने और चांदी की ऊंची कीमतों पर कुछ दबाव डाल सकती है। फिलहाल निवेशक मुनाफावसूली से पहले बाजार की दिशा देखना चाहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा