1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Mangalwar Ke Upay: मंगलवार के दिन जरूर करें खास उपाय, बजरंगबली हर लेंगे सभी संकट, दूर होगी सभी बाधा

Mangalwar Ke Upay: मंगलवार के दिन जरूर करें खास उपाय, बजरंगबली हर लेंगे सभी संकट, दूर होगी सभी बाधा

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Vineeta Mandal
 Published : May 21, 2024 06:00 am IST,  Updated : May 21, 2024 06:00 am IST

Tuesday Remedies: सप्ताह का मंगलवार का दिन हनुमान जी को समर्पित है। इस दिन बजरंगबली की पूजा-अर्चना करने से सभी काज शुभ-शुभ होते हैं। साथ ही जीवन के सभी संकट बजरंगबली दूर कर देते हैं। तो मंगलवार के दिन उपायों को जरूर आजमाएं।

Mangalwar Ke Upay- India TV Hindi
Mangalwar Ke Upay Image Source : INDIA TV

Mangalwar Ke Upay: सप्ताह का हर दिन अलग-अलग देवी देवताओं को समर्पित है। इसी तरह मंगलवार के दिन बजरंगबली की पूजा का विधान है। मंगलवार के दिन राम भक्त हनुमान जी की पूजा करने से जीवन से सभी संकट दूर हो जाते हैं और मंगलकारी फलों की प्राप्ति होती है। मंगलवार के दिन बजरंगबली की पूजा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके अलावा आज के दिन इन विशेष उपायों को करने से समस्त परेशानियों से छुटकारा मिलता है।

1. अगर आप बेहतर स्वास्थ्य और जीवन में तरक्की पाना चाहते हैं तो आज के दिन आपको अर्जुन के पेड़ को नमस्कार करना चाहिए। साथ ही उसकी जड़ में जल चढ़ाना चाहिए और उसकी पूजा करनी चाहिए। अगर आपके आस पास कहीं अर्जुन का पेड़ ना हो तो इंटरनेट से अर्जुन के पेड़ की फोटो डाउनलोड करके उसके दर्शन करें।

2. अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के लिए आज के दिन किसी ऐसी व्यक्ति को जो हाथ की मेहनत वाला काम करता हो या जिस काम में मशीनों की अपेक्षा अपने हाथों का हुनर दिखाना पड़ता हो या सीधे शब्दों में जो व्यक्ति हाथ से बुनाई सिलाई कढ़ाई का किसी चीज़ को रेतने का या जो हाथ से ठोक-पीटकर बर्तन आदि बनाने का काम करता हो उस व्यक्ति को वस्त्रों का दान करें।

3. अगर आप कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में अपने आपको आर्थिक समस्याओं से घिरा पाते हैं और अब इस स्थिति से जल्द से जल्द बाहर निकलना चाहते हैं तो अपनी डांवाडौल आर्थिक स्थिति को ठीक करने के लिए आज आपको हनुमान जी के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- 'ऊँ हं हनुमते नमः।'

4. अगर आपके दाम्पत्य रिश्ते के मध्य ऊष्मा पहले की अपेक्षा कम हो गई है और आप फिर से अपने रिश्ते में एक नई ऊष्मा भरना चाहते हैं तो आज स्नान आदि के बाद मिट्टी का एक दीपक लेकर उसमें चमेली का तेल भरिये और एक लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाइए। अब उस दीपक को हनुमान जी के मंदिर ले जाकर जलाइए। अगर घर से बाहर मंदिर में नहीं जा सकते तो घर में ही हनुमान जी की तस्वीर के आगे वो दीपक जलाइए। भगवान के आगे दीपक जलाते समय अगर दोनों दम्पत्ति मौजूद हो तो और भी श्रेष्ठ है वरन् स्वयं ही दीपक जला दें। इसके साथ ही दीपक जलाने के बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें।

5. अगर आपको अपने किसी काम को करने में कोई परेशानी आ रही है और वह पूरा नहीं हो पा रहा है तो आज एक मौली लेकर हनुमान जी के मंदिर जायें और वहां जाकर उस मौली को हनुमान जी के चरणों में रख दें। अब भगवान के चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। उसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा सा धागा निकालकर अपने हाथ की कलाई में बांध लें और बाकी बची हुई मौली को वहीं मंदिर में ही रखा रहने दें।

6. अगर आप कर्ज के बोझ से परेशान हैं और आपसे कर्ज चुकाए नहीं चुक रहा है तो आज आपको स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनने चाहिए। फिर घर में किसी उचित स्थान पर आसन बिछाइए और उस पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठ जाइये। आसन पर बैठने के बाद श्री हनुमान का ध्यान करते हुए ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इसके अलावा अगर आप आज मंगलवार के दिन अपने कर्ज की एक किश्त या एक रुपया भी लेनदार को चुकायेंगे तो आपका बाकी का कर्जा भी जल्द ही उतर जाएगा।

7. अगर आप अपने परिवार की खुशियां बरकरार रखना चाहते हैं तो आज स्नान आदि के बाद थोड़े-से चमेली के फूलों को इकट्ठा करें। अब उन चमेली के फूलों की माला बनाएं और हनुमान जी के मंदिर में जाकर भगवान को वो माला अर्पित करें। साथ ही अपने परिवार की खुशियों की दुआ करते हुए एक धूपबत्ती भी जलाएं।

8. अगर आप अपने लवमेट के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत करना चाहते हैं या अपनी जिंदगी में प्यार की बयार को बनाये रखना चाहते हैं तो आज आपको मंगल के मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- ॐ क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम:। मंत्र जप करने के बाद हनुमान जी को बूंदी के प्रसाद का भोग लगाएं।

9. अपने घर की सुख-समृद्धि के लिए अपने परिवार को हर बुरी नजर से बचाये रखने के लिए आज आपको एक छोटा-सा मिट्टी का बर्तन लेना चाहिए। अब उस बर्तन में शहद डालना चाहिए और उसके ऊपर ढक्कन लगाना चाहिए। इस प्रकार मिट्टी के बर्तन में शहद डालकर उस पर ढक्कन लगाकर हनुमान जी के मंदिर में रख आएं।

10. अगर आपका बच्चा अचानक से रात को सोते समय डर जाता है या उसे दूसरे नए लोगों से मिलने-जुलने में परेशानी होती है तो आज आपको श्री हनुमान की उपासना करनी चाहिए। आज के दिन आपको हरसिंगार के पेड़ के पत्तों से हनुमानजी की विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए। साथ ही भगवान को केसरिया सिन्दूर अर्पित करना चाहिए और अपने बच्चे के माथे पर भगवान के चरणों से लिया गया सिन्दूर लगाना चाहिए।

11. अगर आप संतान सुख पाना चाहते हैं तो आज स्नान आदि के बाद एक जटा वाला नारियल और सवा मीटर लाल कपड़ा लें। अब नारियल पर उस लाल कपड़े को लपेट दें। इस प्रकार लाल कपड़े से लिपटे हुए नारियल को हनुमान जी के मंदिर में चढ़ा दें। उसके बाद मंदिर में या फिर अपने ही घर में उचित स्थान पर बैठकर हनुमानष्टक का पाठ करें।

12. अगर आप जब कभी अपना कोई इम्पोर्टेन्ट काम करने की सोचते हैं और सोचते-सोचते कुछ और ही करने बैठ जाते हैं जिससे आपके ध्यान से वो काम निकल जाता है तो ऐसी स्थिति से बचने के लिए आज के दिन आपको मां सरस्वती की उपासना करनी चाहिए। उनके आगे घी का दीपक जलाना चाहिए और देवी मां को भोग लगाना चाहिए।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Vat Savitri Vrat 2024: वट सावित्री व्रत कब है? जानिए सही डेट, पूजा मुहूर्त और महत्व

ये 4 राशियां होती हैं पैसे बचाने में सबसे आगे, सोच-समझकर खर्च करते हैं पाई-पाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।