1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Aus vs NZ: 32 साल बाद 'बॉक्सिंग-डे' टेस्ट मैच खेलने वाली न्यूजीलैंड को मेजबान ऑस्ट्रेलिया से मिली हार

Aus vs NZ: 32 साल बाद 'बॉक्सिंग-डे' टेस्ट मैच खेलने वाली न्यूजीलैंड को मेजबान ऑस्ट्रेलिया से मिली हार

 Reported By: IANS
 Published : Dec 29, 2019 12:57 pm IST,  Updated : Dec 29, 2019 01:29 pm IST

कीवी टीम की तरफ से दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल ने शानदार 121 रनों की शतकीय पारी खेली मगर टीम को हार से नहीं बचा पाए।

Australia Team- India TV Hindi
Australia Team Image Source : GETTY IMAGE

मेलबर्न| ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट के चौथे दिन रविवार को न्यूजीलैंड को 247 रनों से हराकर तीन मैचो की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है। सीरीज का तीसरा और अंतिम टेस्ट मैच सिडनी में तीन जनवरी से खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के सामने 488 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करते हुए कीवी टीम 240 रनों पर आउट हो गई। कीवी टीम ने 71 ओवर का सामना किया। उसकी ओर से टॉम ब्लंडेल ने 121 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

इसके अलावा हेनरी निकोल्स ने 33, बीजे वॉटलिंग ने 22 और मिशेल सैंटनर ने 27 रन बनाए। कप्तान केन विलियमसन सहित छह बल्लेबाज दो अंकों के स्कोर तक भी नहीं पहुंच सके।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पिनर नाथन लॉयन ने 81 रन देकर चार विकेट लिए जबकि जेम्स पेटिंसन को तीन सफलता मिली। पहली पारी में शानदार 114 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

अपनी पहली पारी में 467 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने मेहमान टीम को 148 रनों पर ढेर कर दिया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 168 रनों पर घोषित कर दी। उसके लिए दूसरी पारी में डेविड वार्नर ने 38, जो बर्न्‍स ने 35, मैथ्यू वेड ने नाबाद 30 और हेड ने 28 रन बनाए।

न्यूजीलैंड की ओर से नील वेगनर ने तीन सफलता हासिल की। सैंटनर को एक विकेट मिला।

पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी कीवी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आए। सिर्फ ब्लंडेल ने अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल जीता। ब्लंडेल ने 210 गेंदों पर 15 चौके लगाए। यह उनके करियर का दूसरा शतक है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल