1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में स्मार्ट मीटर से बिजली गुल हुई तो बारात के साथ डीएम ऑफिस पहुंच गया दूल्हा, बोला- घर में लाइट नहीं, दुल्हन कैसे लाऊं

यूपी में स्मार्ट मीटर से बिजली गुल हुई तो बारात के साथ डीएम ऑफिस पहुंच गया दूल्हा, बोला- घर में लाइट नहीं, दुल्हन कैसे लाऊं

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 21, 2026 08:34 am IST,  Updated : Apr 21, 2026 08:44 am IST

यूपी में स्मार्ट प्रीपेड मीटर से अधिक बिल आने की वजह से हर कोई परेशान है। बांदा में एक दूल्हा बारातियों के साथ डीएम ऑफिस पहुंच गया और घर में बिजली कटने की शिकायत की।

डीएम ऑफिस पर बारात के साथ प्रदर्शन करता दूल्हा- India TV Hindi
डीएम ऑफिस पर बारात के साथ प्रदर्शन करता दूल्हा Image Source : REPORTER

बांदाः यूपी के बांदा में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर एक अजीबोगरीब विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। शादी के दिन जिस दूल्हे को बारात लेकर दुल्हन को लेने जाना चाहिए, वही दूल्हा बारात ले जाने से पहले, बैंड बाजे के साथ जिला अधिकारी कार्यालय (डीएम ऑफिस) पहुंच गया। नारेबाजी करते हुए बाराती प्रदर्शन किए और बिजली बहाल करने की मांग की।

घर में मेहमान आए तो कट गई बिजली

दरअसल, शादी के दिन दूल्हे के घर मेहमान और रिश्तेदार पहुंचे हुए थे। इस बीच स्मार्ट मीटर से बिजली कट गई। इससे घर में अंधेरा छा गया। इससे नाराज दूल्हा बारातियों को लेकर डीएम ऑफिस पहुंच गया और बिजली बहाल करने की मांग करने लगा। दूल्हे का कहना था कि पुराना मीटर फिर से लगाया जाए और नया प्रीपेड स्मार्ट मीटर को हटाया जाए। डीएम से दूल्हे ने कहा कि घर में बिजली नहीं है, वह कैसे शादी करके दुल्हन घर लेकर आए। इस भीषण गर्मी में दुल्हन बिना बिजली के घर में कैसे रह पाएगी। 

यहां देखें वीडियो

बैंड बाजे के साथ डीएम ऑफिस पहुंचा दूल्हा

जानकारी के मुताबिक, बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उजरेहटा में एक नौजवान की सोमवार को शादी होनी थी। बारात की तैयारियां चल रही थी। इस बीच घर में बिजली गुल हो गई। बारात ले जाने से पहले दूल्हा स्वयं बैंड बाजे के साथ बुंदेलखंड इंसाफ सेना के साथ में जिला अधिकारी कार्यालय पहुंच गया।

यहां देखें वीडियो

दूल्हे से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि आज मेरी शादी है और स्मार्ट मीटर की वजह से अधिक बिल आने की वजह से मैं परेशान हूं। दूल्हे ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि जिले के विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगाकर अपनी ड्यूटी से मुंह फेर लिए हैं। किसके यहां कैसा और कितना बिल पहुंच रहा है, कोई लेना-देना नहीं है। नौजवान पीढ़ी क्या कमांएगी और क्या बिजली का बिल भरेगी।

यहां देखें वीडियो

सरकार से पुराने मीटर लगवाने की मांग

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए.एस. नोमानी ने मांग की है पुराने मीटर लगवाए जाएं। स्मार्ट मीटर में उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है जिसके कारण नौजवान अपनी कमाई का रुपया सिर्फ स्मार्ट मीटर के बिल पर दे रहे हैं। बता दें कि यूपी में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर आए दिन विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं और स्मार्ट मीटर में हो रही परेशानियों को लेकर उपभोक्ता परेशान नजर भी आ रहे हैं।

रिपोर्ट- पंकज द्विवेदी, बांदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।