ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सूंघाकर घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के मुताबिक एक महिला मेड के काम के लिए आई और महिला को बेहोश करके उसके घर में से मंगलसूत्र, नकदी व अन्य सामान चोरी करके फरार हो गई। पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र की आम्रपाली किंग्स वुड गोल्ड होम्स सोसाइटी का है, जहां शांति मिश्रा नाम की महिला अपनी बहू के साथ रहती है। बताया जा रहा है कि उनकी बहू काफी दिनों से मेड की तलाश कर रही थी।
महिला ने खुद को बताया मेड
शुक्रवार को दोपहर के समय एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची। शांति मिश्रा ने जब दरवाजा खोला तो उसने कहा कि वह मेड के काम के लिए यहां पर आई है।इस पर शांति मिश्रा ने उसे शाम को आने के लिए कहा और कहा कि अभी बहू घर पर नहीं है, लेकिन इसी दौरान उस महिला ने अपने हाथ में कुछ लेकर उनको सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। उन्होंने बताया कि इसके बाद उस महिला ने फ्लैट में चोरी करने शुरू कर दी और घर में रखी हुई नकदी, उनके गले में पहना हुआ मंगलसूत्र व अन्य सामान चोरी कर लिया।
महिला को बेहोश करके की चोरी
घटना के करीब 1 घंटे बाद बुजुर्ग महिला को होश आया। तब उन्होंने देखा कि घर का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा है और कई चीज चोरी भी हैं। इसके बाद उन्होंने इसको लेकर पड़ोसियों को बताया और फिर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब बुजुर्ग महिला ने अपनी साथ हुई पूरी घटना बताई। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले में जुट गई है।
मेड की तलाश में था परिवार
बिसरख पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग महिला की बहू के द्वारा घर के काम के लिए मेड की तलाश की जा रही थी। उसी सिलसिले में एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और इस घटना को अंजाम दिया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। (इनपुट- राहुल ठाकुर)
यह भी पढ़ें-
मछली पकड़ते समय दर्दनाक हादसा, युवक के गले में फंसी जिंदा मछली, हुई मौत