Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मिस्र में पीएम मोदी की 2 दिवसीय यात्रा में क्या रहा खास? इस कार्यक्रमों में हुए शामिल

मिस्र में पीएम मोदी की 2 दिवसीय यात्रा में क्या रहा खास? इस कार्यक्रमों में हुए शामिल

Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd Published : Jun 25, 2023 06:55 pm IST, Updated : Jun 26, 2023 12:08 am IST

पीएम मोदी ने अमेरिका के बाद मिस्र की अपनी यात्रा पूरी कर ली है और वह मिस्र की राजधानी काहिरा से वतन वापसी के लिए रवाना हो गए।

PM Modi - India TV Hindi
Image Source : PTI पीएम मोदी

काहिरा: पीएम मोदी की मिस्र की 2 दिवसीय यात्रा पूरी हो गई है। वह मिस्र की राजधानी काहिरा से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दिल्ली पहुंचते ही पीएम मोदी का भव्य स्वागत होगा। पालम एयरपोर्ट पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा उनका स्वागत करेंगे। दिल्ली के सातों सांसद पीएम के स्वागत में मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि अमेरिका की राजकीय यात्रा के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर थे। शनिवार को मिस्र पहुंचने पर पीएम मोदी को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया था और भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया था। अपनी यात्रा के दूसरे दिन यानी आज पीएम मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की। 

पीएम ने गीजा के पिरामिड देखे

पीएम मोदी ने मिस्र यात्रा के दौरान दुनिया के सात अजूबों में शामिल गीजा के पिरामिड देखे। मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली के साथ मोदी ने उत्तरी मिस्र में अल-जिजा (गीजा) के पास नील नदी के पश्चिमी तट पर स्थित एक चट्टानी पठार पर बने तीन पिरामिडों को देखा। इसका निर्माण मिस्र के चौथे राजवंश के समय में हुआ था।

पीएम मोदी को मिस्र का सर्वोच्च सम्मान मिला

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी ने पीएम मोदी को मिस्र के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' से नवाजा। गौरतलब है कि राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर पीएम मोदी मिस्र की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर गए थे। 

दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर

पीएम मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने रणनीतिक साझेदारी के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। ये पीएम मोदी की पहली मिस्र यात्रा थी और साल 1997 के बाद किसी भारतीय पीएम की मिस्र की ये पहली राजकीय यात्रा थी। 

पीएम मोदी अल-हाकिम मस्जिद गए

पीएम मोदी अल-हाकिम मस्जिद भी गए। अल-हाकिम मस्जिद के रखरखाव में दाऊदी बोहरा समुदाय के लोगों का खास योगदान रहा है और इस समुदाय के ज्यादातर लोग भारत में रहते हैं। दाऊदी बोहरा एक मुस्लिम समुदाय है। इस समुदाय की वेबसाइट The Dawoodi Bohras के मुताबिक, पिछले 450 सालों से इनके नेता भारत में रह रहे हैं। इस समुदाय के नेता या धार्मिक गुरु को 'अल-दाई अल-मुतलक' के नाम से जाना जाता है और लोग दुनिया के 40 से ज्यादा देशों में बसे हैं। हालांकि, इस समुदाय के ज्यादातर लोग भारत में रहते हैं।

मिस्र की महिला ने पीएम के सामने गाया हिंदी गाना

पीएम मोदी जब मिस्र यात्रा के दौरान पहले दिन होटल पहुंचे तो भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भारतीय तिरंगा लहराते हुए ‘मोदी, मोदी’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ उनका स्वागत किया। साड़ी पहनकर आई मिस्र की एक महिला ने फिल्म ‘शोले’ के लोकप्रिय गीत ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ गाकर मोदी का स्वागत किया। 

पीएम ने गीत को ध्यान से सुना और उन्होंने उस समय हैरानी जताई जब महिला ने कहा कि वह बहुत कम हिंदी जानती है और कभी भारत नहीं गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘किसी को पता भी नहीं चलेगा कि आप मिस्र की बेटी हो या हिंदुस्तान की बेटी हो।’

मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती डॉ शॉकी इब्राहिम अब्देल-करीम आलम से भी मुलाकात

मिस्र यात्रा के पहले दिन पीएम मोदी ने मिस्र के ग्रैंड मुफ्ती डॉ शॉकी इब्राहिम अब्देल-करीम आलम से भी मुलाकात की। इसके अलावा पीएम ने ‘इंडिया यूनिट’ के साथ पहली बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा की। 

‘इंडिया यूनिट’ मिस्र के शीर्ष मंत्रियों का एक ग्रुप है जिसके प्रमुख मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली हैं। मोदी ने समर्पित उच्चस्तरीय इंडिया यूनिट के गठन के लिए मिस्र का आभार व्यक्त किया और साथ ही सरकार के रुख की तारीफ की।

ये भी पढ़ें: 

गौहाटी हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 11 जुलाई को होने वाले रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चुनाव पर रोक लगाई 

केदारनाथ यात्रा रोकी गई, बारिश बनी समस्या, 8 हजार यात्रियों को सुरक्षित जगह पर रोका गया

 

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement