
घोस्ट सिक्योरिटी के 70 प्रतिशत सदस्य हैं महिलाएं
वेबसाइट 'वोएक्टिव' के मुताबिक, घोस्ट सिक्योरिटी के 70 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं, जिसमें लारा एकमात्र मुस्लिम सदस्य है। लारा दिन में छह से सात घंटे इन आतंकवादी गुटों के ऑनलाइन खातों का पता लगाकर उन्हें हैक कर बंद करने का काम करती हैं।
लारा के पिता जॉर्डन मूल के और मां तुर्की-सीरियाई मूल की हैं। लारा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और उनके प्रशंसकों की भी अच्छी-खासी संख्या है। लारा के फेसबुक और लिंकडन खातों से पता चलता है कि वह पेशे से उद्यमी और फैशन डिजाइनर है। वेबसाइट 'वोएक्टिव' के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में कपड़ों की अपनी ऑनलाइन श्रृंखला पेश की है।
लारा मरते दम तक आईएस के खिलाफ लड़ना चाहती हैं। समाचार चैनल 'अल अरबिया' को दिए एक साक्षात्कार में लारा कहती हैं, "आईएस ने पश्चिमी देशों में इस्लाम की छवि धूमिल की है। मैं आखिरी दम तक लड़ूंगी। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आईएस इस विषय में क्या सोचेगा कि एक सौंदर्य प्रतियोगिता की विजेता उन्हें टक्कर दे रही हैं। जब तक यह मिशन खत्म नहीं होगा तक हम लड़ते रहेंगे।"
'घोस्ट सिक्योरिटी' की वेबसाइट पर साफ लिखा है कि हमारा उद्देश्य आईएस, अलकायदा, अल नुसरा, बोको हराम और अल शबाब जैसे इस्लामिक चरमपंथी समूहों की बढ़ रही ऑनलाइन मौजूदगी को समाप्त करना है ताकि उनकी भर्ती प्रक्रियाओं पर लगाम लगाई जा सके और आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के प्रयासों को सीमित किया जा सके।
मिस जॉर्डन का खिताब जीतने के अलावा लारा वर्ष 2011 में मिस अरब वर्ल्ड सौंदर्य प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही थीं।