1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कोरोना वायरस के डर से कैलिफोर्निया तट पर क्रूज पर हजारों लोग फंसे

कोरोना वायरस के डर से कैलिफोर्निया तट पर क्रूज पर हजारों लोग फंसे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 05, 2020 01:58 pm IST,  Updated : Mar 05, 2020 01:58 pm IST

कैलिफोर्निया तट पर एक क्रूज जहाज पर यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद हजारों लोग जहाज पर फंस गए हैं।

कोरोना वायरस के डर से कैलिफोर्निया तट पर क्रूज पर हजारों लोग फंसे- India TV Hindi
कोरोना वायरस के डर से कैलिफोर्निया तट पर क्रूज पर हजारों लोग फंसे

लॉस एंजिलस: कैलिफोर्निया तट पर एक क्रूज जहाज पर यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद हजारों लोग जहाज पर फंस गए हैं। अधिकारियों ने संक्रमण की आशंका वाले लोगों की जांच करने के लिए बुधवार रात को ग्रैंड प्रिंसेस जहाज को हवाई से सैन फ्रांसिस्को आने से रोक दिया। प्रिंसेस क्रूज के संचालक और कैलिफोर्निया के गवर्नर गाविन न्यूसम ने बताया कि क्रूज की मैक्सिको की पिछली यात्रा के दौरान उसमें सवार 71 वर्षीय व्यक्ति की कोविड-19 बीमारी से मौत हो गई। 

Related Stories

न्यूसम ने बताया कि क्रूज पर 11 यात्रियों और चालक दल के 10 सदस्यों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की आशंका है। प्रिंसेस क्रूज कंपनी ने एक बयान में कहा कि पिछली मैक्सिको यात्रा के लगभग 62 यात्री अब भी क्रूज पर हैं और जांच होने तक उन्हें कमरों में ही रहने को कहा गया है। 

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनमें संक्रमण के लक्षण देखे गए हैं या नहीं। न्यूसम ने बताया कि जहाज पर चालक दल के सदस्यों के अलावा लगभग 2,500 यात्री हैं। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार जहाज पर 1,150 चालक दल के सदस्य हैं। 

ग्रैंड प्रिंसेस क्रूज उसी कंपनी का जहाज है जिसका डायमंड प्रिंसेस नामक जहाज जापान में समुद्र तट पर संक्रमण के कारण पृथक खड़ा किया गया है। उस पोत पर 700 से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। डायमंड प्रिंसेस से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराए गए कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश