1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली में कमरे के किराये को लेकर हुई बहस में शख्स ने अपने 2 रूममेट्स की ली जान

दिल्ली में कमरे के किराये को लेकर हुई बहस में शख्स ने अपने 2 रूममेट्स की ली जान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 01, 2020 05:35 pm IST,  Updated : Sep 01, 2020 05:35 pm IST

पश्चिमी दिल्ली के रघुवीर नगर में 23 साल के एक युवक ने कमरे के किराये को लेकर हुई कहासुनी में साथ रहने वाले 2 रूममेट्स को मौत के घाट उतार दिया।

Rent Murder, Delhi Rent Murder, Roommates Murder in Delhi, Murder in Delhi- India TV Hindi
पुलिस ने आरोपी को यूपी के अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के रघुवीर नगर में 23 साल के एक युवक ने कमरे के किराये को लेकर हुई कहासुनी में साथ रहने वाले 2 रूममेट्स को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शाकिर नाम के युवक ने एक धारदार चाकू से अपने रूममेट आजम (45) और आमिर हसन (46) की हत्या कर दी। आजम और आमिर मिलकर शाकिर पर कमरे के किराये को लेकर दबाव बना रहे थे। दोनों मृतक यहां 1994 से किराये पर रह रहे थे।

सोते हुए रूममेट्स की ले ली जान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बहस के दौरान भद्दी भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर शाकिर ने मन ही मन दोनों की जान लेने का फैसला कर लिया था। वह सोमवार की रात उन दोनों का कत्ल कर अपने गांव भाग गया। उसके दोनों रूममेट सब्जी की दुकान चलाते थे। डीसीपी पश्चिम दीपक पुरोहित ने कहा, ‘जांच के दौरान पता चला है कि शाकिर साल की शुरुआत में अपने गांव चला गया था, जहां से वह हाल ही में चार महीने बाद लौटा। शाकिर के लौटने के बाद उसके रूममेट उस पर चारों महीने का किराया देने का दबाव बना रहे थे।’

हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त
उन्होंने कहा, ‘शाकिर ने कहा कि वह इस दौरान गांव में था, इसलिए किराया नहीं देगा। बहस के दौरान दोनों रूममेट ने गाली-गलौज की, जिसके बाद शाकिर ने सोते समय दोनों की धारदार चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी।’ हत्या के बाद शाकिर अमरोहा भाग गया, जहां से पुलिस की एक टीम भेजकर उसे धर दबोचा गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।