Saturday, March 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. शख्स के घर में घुसे आरोपी, चाकू से 10-15 वार कर उतार दिया मौत के घाट, पत्नी पर रॉड से हमला

शख्स के घर में घुसे आरोपी, चाकू से 10-15 वार कर उतार दिया मौत के घाट, पत्नी पर रॉड से हमला

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Sep 17, 2023 08:35 am IST, Updated : Sep 17, 2023 08:35 am IST

दिल्ली में कुछ लोगों ने एक शख्स के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। पति को बचाने के लिए गई पत्नी पर भी रॉड से हमला कर दिया। वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आये दिन अपराध की खबरें सामने आती रहती हैं, जिसमें लूट, हत्या जैसी वारदात होती हैं। ताजा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली का है, जहां कुछ लोगों ने एक शख्स के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। वहीं, उसकी पत्नी घायल बताई जा रही है। शख्स पर चाकू से हमले किए गए। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। 

चौथा आरोपी नाबालिग, दो फरार

मृतक की पहचान आली विहार निवासी अरविंद मंडल के रूप में की गई। पीड़ित परिजनों ने बताया कि अरविंद पर करीब 10 से 15 वार किए गए। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीन लोगों की पहचान राजू पात्रा (26), रवि (19) और शंभू (26) के रूप में हुई है। 17 वर्षीय किशोर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। शुक्रवार की रात करीब 9:45 बजे सरिता विहार पुलिस स्टेशन को चाकूबाजी की एक घटना के संबंध में पीसीआर कॉल मिली। 

पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पता चला कि पीड़ित अरविंद का शुक्रवार शाम को मनोज हलदर नाम के एक शख्स के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था, जब वह अपने बेटे के साथ घर लौट रहा था। हालांकि, मामला सुलझ गया और अरविंद अपने बेटे के साथ घर चला गया। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे पांच-छह लोग बाइक पर सवार होकर अरविंद के आवास पर पहुंचे और उस पर व उसकी पत्‍नी रेखा पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। 

पत्नी के माथे पर रॉड से हमला

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) राजेश देव ने कहा, "घटना के दौरान अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए, क्योंकि हमलावरों ने उनकी छाती और हाथ में चाकू मारा, जबकि उनकी पत्‍नी के माथे पर रॉड से हमला किया। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गई।" पीड़ित के मामा नेपाल चंद ने कहा, "अरविंद ने पड़ोसी के घर में शरण ली थी। हालांकि, अपराधियों ने उसका पीछा किया और 10 से 15 चाकू मारे। जब उसकी पत्‍नी ने उसे बचाने की कोशिश की, तो उन्होंने उसके सिर पर भी रॉड से हमला किया।" अरविंद पेशे से ड्राइवर था और अपने परिवार का एक मात्र कमाने वाला था।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement