मुंबई: अक्षय कुमार और निमरत कौर के शानदार अभिनय से सजी फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार आगाज करते हुए पहले दिन भारत में अच्छी कमाई कर ली है। फिल्म समीक्षक और बिजनेस विशेषज्ञ तरण आदर्श ने फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन का जानकारी देते हुए ट्वीट किया "एयरलिफ्ट पहले दिन काफी इम्प्रेसिव रही, शुक्रवार को भारत में 12.35 करोड़ रुपए कमाए।"

इसे भी पढ़े:- 'एयरलिफ्ट’ फिल्म रिव्यू:- “हैलो मैं रंजीत कत्याल बोल रहा हूं.......”
फिल्म एक दिन पहले यूएई में भी रिलीज होने के साथ वहां भी 1.66 करोड़ रुपए का शानदार बिजनेस किया है। यूएई में अक्षय कुमार की किसी भी फिल्म का पहले दिन की कमाई के लिहाज से यह शानदार बिजनेस माना जा रहा है। गौरतलब है कि फिल्म की रिलीज के बाद समीक्षकों ने इसे काफी पसंद किया है और इसे अच्छी रेटिंग भी मिली है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म शनिवार और रविवार को अच्छा कारोबार कर सकती है।
समीक्षकों की सकारात्मक प्रतिकिया मिलने और अच्छी रेटिंग के चलते फिल्म को दिखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता और ज्यादा बढ़ गई है। लोगों को यह फिल्म पसंद आ रही है, अक्षय कुमार के शानदार अभिनय और फिल्म की स्टोरी लाइन को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी और 26 जनवरी के चलते देश प्रेम के जज्बे पर आधारित 'एयरलिपफ्ट' बेहतर बिजनेस करेगी।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म 1990 के उस कालखंड की कहानी को बयां करती है जब इराक ने कुवैत पर हमला किया था। उस दौरान हजारों लोगों को मार दिया गया था, इराकी सैनिक लोगों से पासपोर्ट पूछते थे और मार देते थे। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे इस कठिन समय में एक लाख 70 हजार भारतीयों को सबसे बड़ा अभियान चलाकर बाहर निकाला गया था। फिल्म रंजीत कात्याल के साहस को बयां करती है, जिसकी मदद से भारत सरकार ने लाखों लोगों को कुवैत से बाहर निकालकर उनको सही सलामत भारत वापस लाने में मदद की थी। फिल्म में लोगों के दर्द की ऐसी दास्तानें हैं, जो उस समय के कड़वे सच को बयां करती हैं।