मुंबई: अभिनेता आमिर खान ने कहा कि उनके अभिनेता दोस्त सलमान खान और शाहरूख जब किसी कमरे में घुसते हैं तब वे स्टार जैसे लगते हैं जबकि वह खुद को एक वेटर की तरह महसूस करते हैं।
जानिए आखिर आमिर ने सलमान को स्टार और खुद को वेटर जैसा क्यों बताया
उन्होंने कहा, मुझे हमेशा लगता है कि जब सलमान किसी कमरे में घुसते हैं तो आपको लगता है कि कोई स्टार आ गया है। जब मैं घुसता हूं तो मुझे लगता है कि कोई वेटर आया है। माफी मागूंगा कि मैंने ऐसा कहा क्योंकि वेटर अच्छे लोग होते हैं। मुझे लगता है कि जब मैं अंदर जाता हूं तो मुझे लगता कि मैं कुछ नहीं हूं क्योंकि मैं चुपचाप अंदर घुसता हूं।
आमिर ने अपनी आगामी फिल्म दंगल का पोस्टर जारी किए जाने के मौके पर कहा, जब सलमान, शाहरूख अंदर आते हैं आपको लगता है कि कोई स्टार आ गया। मुझमें वह गुण नहीं है। वे मुझसे बड़े स्टार हैं।
मैनें हमेशा सलमान को खुद से बड़ा स्टार माना है : आमिर
आमिर से जब पूछा गया कि क्या उनको लगता है कि सलमान सबसे बड़े स्टार हैं तो उन्होंने कहा, मैंने हमेशा सलमान को खुद से बड़ा स्टार माना है। मैंने हमेशा शाहरूख, अमितजी (अमिताभ बच्चन) को बड़ा स्टार माना है। हमारे देश में और भी कई बड़े स्टार हैं जैसे रितिक रोशन, अजय देवगन, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह। यह तुलना करनी मुश्किल है कि कौन आगे हैं और कौन नहीं। मैं इस तरह की तुलना नहीं करता।