नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री अनु्ष्का शर्मा ने अभिनय के साथ फिल्म 'एनएच-10' से बातौर फिल्म निर्माता भी हिन्दी सिनेमाजगत में कदम रखा है। पहली फिल्म की कामयाबी के बाद अब अनुष्का अपनी दूसरी फिल्म 'फिल्लौरी' का भी निर्माण करने जा रही हैं। इस फिल्म पर अनुष्का शर्मा अपने भाई कर्णेश शर्मा के साथ काम कर रही हैं। फिल्लौरी के बारे में अनुष्का का कहना है कि यह एक रोमांटिक फिल्म है जिसमें ढेर सारा ड्रामा और पागलपन है।
इसे भी पढ़े:- सुल्तान टीजर आउट: अखाड़े में सलमान ने दी पहलवान को पटखनी
यह फिल्म एक पंजाबी शादी की पृष्ठभूमि में बनाई जा रही है, लेकिन अनुष्का का कहना है कि यह कोई वैवाहिक ड्रामा नहीं है। अनुष्का ने बताया, इस फिल्म में शादी बस कहानी की पृष्ठभूमि है। फिल्लौरी में ड्रामा, पागलपन और वाकई दिलचस्प किरदार हैं। यह रोमांटिक और मजेदार फिल्म है। यह कहानी पंजाब के फिल्लौर जिले से जुड़ी है।
फिल्म का निर्देशन अंशई लाल ने किया है जबकि अनुष्का-कर्णेश के प्रोडक्शन हाउस क्लीन स्लेट फिल्म्स एंड फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने इसका निर्माण किया है। इस फिल्म में अनुष्का, पंजाबी अभिनेता दिलजीत दोसांज, लाइफ ऑफ पाई से मशहूर हुए सूरज शर्मा और महरीन पीरजादा अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग मध्य अप्रैल में शुरू होगी और जून तक शूटिंग पूरी हो जाने की संभावना है।
अनुष्का शर्मा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में वह सलमान खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में अनुष्का पहलवान का किरदार निभाती हुई नजर आएंगी। खास इस फिल्म के लिए उन्होंने कुश्ती के दांव पेंच भी सीखे हैं।