नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री अनु्ष्का शर्मा ने अभिनय के साथ-साथ फिल्म ‘एनएच 10’ में बतौर निर्माता कदम रखा था। इसकी कामयाबी से खुश अनुष्का अब जल्द ही फिल्म 'फिल्लौरी' का निर्माण करती हुई नजर आएंगी। फिल्म में उनके किरदार के बारे में भी खुलासा कर दिया गया है। इस फिल्म में अनुष्का अब तक अपने सभी किरदारों से हटकर कुछ करना वाली हैं। फिल्म में वह भूत बनकर सभी को डराती हुई दिखेंगी। ऐसा पहली बार होगा जब अनुष्का अपनी किसी फिल्म में भूत का किरदार निभाती हुई दिखेंगी। खबर है कि फिल्म में अनुष्का के साथ पंजाबी फिल्मों के अभिनेता-सिंगर दिलजीत दोसांझ और सूरज शर्मा भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। अनशई लाल के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरु कर दी जाएगी।
इसे भी पढ़े:- पहली फिल्म की कामयाबी से खुश अनुष्का बना रही हैं रोमांटिक फिल्म
इस फिल्म पर अनुष्का शर्मा अपने भाई कर्णेश शर्मा के साथ काम कर रही हैं। फिल्लौरी के बारे में अनुष्का का कहना है कि यह एक रोमांटिक फिल्म है जिसमें ढेर सारा ड्रामा और पागलपन है। यह फिल्म एक पंजाबी शादी की पृष्ठभूमि में बनाई जा रही है, लेकिन अनुष्का का कहना है कि यह कोई वैवाहिक ड्रामा नहीं है। अनुष्का ने बताया, इस फिल्म में शादी बस कहानी की पृष्ठभूमि है। फिल्लौरी में ड्रामा, पागलपन और वाकई दिलचस्प किरदार हैं। यह रोमांटिक और मजेदार फिल्म है। यह कहानी पंजाब के फिल्लौर जिले से जुड़ी है।
अनुष्का शर्मा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। फिल्म में वह सलमान खान के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में अनुष्का पहलवान का किरदार निभाती हुई नजर आएंगी। खास इस फिल्म के लिए उन्होंने कुश्ती के दांव पेंच भी सीखे हैं।