दुबई: गायक सोनू निगम और पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम ने दुबई में एक साथ पांच घंटे तक चले संगीत कार्यक्रम में अपनी गायिकी का प्रदर्शन दिया। 'गल्फ न्यूज' की रपट के अनुसार, दोनों गायकों ने दुबई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर गुरुवार रात अपने प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि कला की कोई सरहद नहीं होती।
उन्होंने यह भी साबित किया कि भले ही उनके देश आपस में लड़ते रहे हों, लेकिन सरहदों से परे उनके दिल एक ही हैं।
एक दूसरे के देशों के प्रति सम्मान दिखाते हुए जहां सोनू ने दिग्गज दिवंगत पाकिस्तानी गायक नुसरत फतेह अली खान और रेशमा के गीतों को गया, वहीं आतिफ ने मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और जगजीत सिंह के गीत गाए।
सोनू का गाना गीत 'शुकरन अल्लाह' यमन में जारी अभियान में अपनी जान गंवाने वाले संयुक्त अरब अमीरात के सैनिकों को समर्पित रहा। जिसके तहत दो मिनट का मौन भी रखा गया।