1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. सनी लियोनी को देश निकाला किया जाए: एचजेएसी

सनी लियोनी को देश निकाला किया जाए: एचजेएसी

 Written By: IANS
 Published : May 15, 2015 11:54 pm IST,  Updated : May 17, 2015 06:01 pm IST

महाराष्ट्र: हिंदू जनजागृति समिति (एचजेएस) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन को देश से बाहर निकालने के साथ ही भविष्य में उनके भारत प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। समिति ने यह मांग

सनी लियोनी को  देश से...- India TV Hindi
सनी लियोनी को देश से बाहर निकालने की मांग

महाराष्ट्र: हिंदू जनजागृति समिति (एचजेएस) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन को देश से बाहर निकालने के साथ ही भविष्य में उनके भारत प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। समिति ने यह मांग अपनी वेबसाइट पर अश्लीलता फैलाने और महिलाओं की गरिमा का अपमान करने के मद्देनजर की है। एचजेएस के प्रवक्ता उदय धुरी ने कहा कि एचजेएस ने ठाणे के डोंबीवली स्थित रामनगर पुलिस थाने के प्रमुख सुनील शिवड़कर के पास प्राथमिकी दर्ज कराई है।

धुरी ने आईएएनएस से कहा, "प्राथमिकी हमारी स्थानीय प्रतिनिधि अंजली पालन और अन्य के द्वारा दर्ज कराई गई है। इसके अलावा पिछले एक सप्ताह में हमने इसी तरह की दर्जन भर से अधिक शिकायतें महाराष्ट्र और गोवा के विभिन्न जिलों में दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।"

सनी लियोनी पर अपनी वेबसाइट द्वारा नग्न और भड़काऊ चित्रों के माध्यम से अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारतीय युवा बिगड़ रहे हैं और भारतीय महिलाओं का अपमान हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर हालांकि चेतावनी है, लेकिन यह व्यर्थ है क्योंकि बच्चे भी वेबसाइट की सामग्री को देख सकते हैं।

धुरी ने कहा, "पिछले सप्ताह जब हमने नवी मुंबई में एक शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस आयुक्त के.एल. प्रसाद ने कहा कि वह अपनी स्वयं की तस्वीरों का प्रचार कर रही हैं। उन्होंने हमें सुझाव दिया कि हम महिलाओं के लिए शौचालय जैसे अन्य मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करें।"

सनी किस तरह से लोगों को प्रभावित कर रही हैं इस बात का उल्लेख करते हुए धुरी ने हाल की खबरों का हवाला देते हुए कहा कि वह गूगल जैसे वैश्विक सर्च इंजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को भी पार कर गई हैं।

धुरी ने कहा, "यह आकंड़ा खतरनाक है।"

एचजेएस ने उनकी वेबसाइट पर प्रतिबंध की मांग की और कहा कि लियोन को भारत से निष्कासित कर देना चाहिए और उनके देश में प्रवेश पर रोक लगा देनी चाहिए।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन