नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और हॉलीवुड स्टार विन डीजल की एक साथ काम करने की लगातार चर्चा हो रही है, हालांकि इसका सच अभी तक कोई नहीं जानता। सबसे पहले डिप्पी ने एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी जिसमें वो डीजल के गले लगते हुए दिख रही हैं वहीं बैकग्राउंड में ट्रिपल एक्स का साइन दिख रहा हैं।
ये भी पढ़ें- तमाशा ने कमाए 61 करोड़, हेट स्टोरी 3 ने भी मचाया धमाल
सोशल मीडिया पर तहलका मचाने के लिए ये काफी नहीं था कि 'फास्ट एंड फ्यूरियस' अभिनेता ने भी एक तस्वीर शेयर कर दी जिसमें ये दोनों साथ में दिख रहे थे। इसके बाद तो इनके फैंस के उत्साह का तो कोई ठिकाना नहीं था। और अब दीपिका ने खुद इस मामले में खुलकर अपनी बात रखी है और वाकई में अपने हॉलीवुड डेब्यू की तरफ इशारा किया है।
एनडीटीवी चैनल ने जब एक इंटरव्यू में उनसे इस बारे में पूछा तो पहले तो वो मुस्कुराई और फिर बोली, “मैं क्या बोलूं, जहां तक फिल्म का सवाल है, वो तो वक्त ही बताएगा।”
विन डिजल के बारे में वो बोली, “वो मेरे मित्र हैं जिनको लेकर मैं काफी उत्साहित रहती हूं। वो कमाल के इंसान हैं। बाकी जो बात लोग सुनना चाहते है, उसके लिए उन्हें थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।”
दीपिका के इस जवाब से तो ये लग रहा है कि आखिरकार उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय फिल्म में काम करने का मौका मिल गया है, लेकिन फिर भी इस खबर पर उनकी मोहर लगने का हमें इंतजार रहेगा।
वैसे दीपिका इन दिनों अपने ब्वॉएफ्रैंड रणवीर के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ के प्रचार में व्यस्त हैं। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी मुख्य भूमिका में हैं और ये रिलीज 18 दिसम्बर को होगी।